Inkhabar Haryana, Krishan Bedi on DSC Group: हरियाणा की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक मोड़ आया जब कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने प्रेस वार्ता में राज्य सरकार द्वारा लिए गए एक अहम फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” को आगे बढ़ाते हुए नायब सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है, जिससे DSC (Deprived Scheduled Castes) वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
DSC वर्ग के लिए आरक्षण की घोषणा को मिली मंज़ूरी
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि चुनावों से पहले पार्टी द्वारा जो वादा किया गया था कि अगर सरकार बनी तो DSC वर्ग को नौकरियों में आरक्षण दिया जाएगा उसे अब पूरी तरह से लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ घोषणा नहीं थी, यह हमारे समाज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा था। अब हमने उस वादे को पूरा कर दिखाया है।
CET प्रक्रिया के तहत होगी भर्ती
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब CET (Common Eligibility Test) की प्रक्रिया के माध्यम से DSC वर्ग के उम्मीदवारों को आरक्षण के अंतर्गत नौकरियों में भर्ती किया जाएगा। यह कदम न केवल सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हजारों युवाओं को सशक्त बनाने का अवसर भी प्रदान करेगा।
सीएम को दी आभार भेंट की योजना
कृष्ण बेदी ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि वे बाल्यकाल से ही उन्हें जानते हैं और यह निर्णय उनके मजबूत संकल्प और जनहित में लिए गए फैसलों का प्रमाण है। मंत्री ने यह भी घोषणा की कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस ऐतिहासिक फैसले के लिए व्यक्तिगत रूप से आभार प्रकट करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी किया याद
मंत्री बेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने अपने कार्यकाल में DSC वर्ग के हितों को ध्यान में रखा। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के साथ पहले की सरकारों में बहुत अन्याय हुआ, लेकिन मनोहर लाल जी ने हमारे वर्ग के लिए सोचना शुरू किया, और अब नायब सैनी जी ने उसे धरातल पर उतार दिया है।