Advertisement
Advertisement
होम / Krishan Bedi on Spy Arrested in Haryana: ताऊ देवीलाल स्टेडियम में अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ आयोजन, पाकिस्तानी जासूसों पर बोले मंत्री कृष्ण बेदी- “देश में रहकर जो लोग…”

Krishan Bedi on Spy Arrested in Haryana: ताऊ देवीलाल स्टेडियम में अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ आयोजन, पाकिस्तानी जासूसों पर बोले मंत्री कृष्ण बेदी- “देश में रहकर जो लोग…”

BY: • LAST UPDATED : May 19, 2025
Inkhabar Haryana, Krishan Bedi on Spy Arrested in Haryana: अंबाला लोकसभा से सांसद रहे स्वर्गीय रतनलाल कटारिया की स्मृति में पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में रविवार को एक भव्य अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के माध्यम से न केवल युवा प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला, बल्कि यह कार्यक्रम स्व. कटारिया के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को भी स्मरण करने का एक माध्यम बना।

मुख्य अतिथि के तौर पर हुए मौजूद

समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, जिन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्व. रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी व प्रदेश उपाध्यक्ष बन्तो कटारिया ने की। इसके अतिरिक्त समारोह में कालका से विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मंत्री कृष्ण बेदी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट युवाओं के लिए एक प्रेरणा है और स्व. रतनलाल कटारिया जैसे समर्पित जनसेवक की स्मृति को सम्मान देने का प्रयास है। कटारिया जी न केवल एक नेता थे, बल्कि एक मार्गदर्शक और विचारशील व्यक्ति भी थे, जिन्होंने पार्टी और जनता दोनों के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने कहा कि इस ट्रॉफी का आयोजन कटारिया क्रिकेट फाउंडेशन द्वारा किया गया और इसका उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।

पाकिस्तानी जासूसों पर सख्त रुख

इस दौरान कृष्ण बेदी ने हरियाणा में एक के बाद एक पकड़े जा रहे पाकिस्तानी जासूसों पर भी सख्त बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में रहकर जो लोग देशद्रोही गतिविधियों में लिप्त हैं, वे जांच के घेरे में हैं और आने वाले समय में सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल शुरुआत है और कई ऐसे चेहरों को बेनकाब किया जाएगा जो दुश्मन देश के लिए जासूसी कर रहे हैं।

Advertisement

आतंकवाद पर भारत का रुख

मंत्री ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेनकाब करना हमारी प्राथमिकता है। 51 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल अलग-अलग देशों में जाकर पाकिस्तान की नीतियों की पोल खोलेगा। उन्होंने कहा कि भारत को अघोषित युद्ध झेलना पड़ा लेकिन हमारी सेना ने 3 दिन में आतंकवाद और पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए बेदी ने कहा कि हम लड़ाई नहीं चाहते, लेकिन यदि कोई हमारे देश पर आतंकी हमला करेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। हमारी सेना घर में घुसकर मारने का माद्दा रखती है। उन्होंने बलिदान देने वाले जवानों को नमन करते हुए उनकी वीरता को राष्ट्र की शान बताया।

विपक्ष पर निशाना

विपक्ष की भूमिका पर कटाक्ष करते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है। अगर विपक्ष देश के अनुरूप कार्य नहीं करेगा, तो उन्हें वोट नहीं मिलेगा। हारने पर ईवीएम को दोष देना अब जनता नहीं मानेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता ऐसे लोगों को करारा जवाब देगी जो केवल राजनीति के लिए देश की सुरक्षा और अखंडता के मुद्दों पर समझौता करते हैं।