Advertisement
Advertisement
होम / Krishan Kumar: “सफाई कर्मचारियों को कार्य के दौरान प्रबंध कराएं आवश्यक उपकरण” : इंजीनियर कृष्ण कुमार

Krishan Kumar: “सफाई कर्मचारियों को कार्य के दौरान प्रबंध कराएं आवश्यक उपकरण” : इंजीनियर कृष्ण कुमार

BY: • LAST UPDATED : January 17, 2025
Inkhabar Haryana, Krishan Kumar: हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष इंजीनियर कृष्ण कुमार ने सफाई कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों को उनके कल्याण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। शुक्रवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कन्वेंशन हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की स्थिति को सुधारने और उन्हें आवश्यक उपकरण एवं सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर दिया।

सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा

बैठक के दौरान आयोग अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों और उनके आश्रितों के सामाजिक, आर्थिक, और शैक्षणिक जीवन को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करें। उन्होंने कर्मचारियों से उनकी समस्याएं सीधे सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया।
कृष्ण कुमार ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर की चर्चा

कृष्ण कुमार ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर की चर्चा

इंजी. कृष्ण कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का कार्य जोखिम भरा होता है और इसे सुरक्षित बनाने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य के दौरान कर्मचारियों को सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।

भविष्य की योजनाएं और निर्देश

आयोग अध्यक्ष ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के लिए दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सेवाएं, और ऋण सुविधाओं जैसी योजनाओं पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों का विस्तृत डाटा तैयार करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनका ईपीएफ और ईएसआई सही तरीके से कट रहा है या नहीं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने और मॉक ड्रिल जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी काम कर रही है, ताकि बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

शिक्षा और स्वच्छता अभियान पर जोर

इंजी. कृष्ण कुमार ने सफाई कर्मचारियों को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वच्छ भारत अभियान को और अधिक गंभीरता से लागू करें और कर्मचारियों को इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं।

बैठक में निगम जॉइंट कमिश्नर द्विजा ने सफाई कर्मचारियों की सुविधाओं का ध्यान रखने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला परिषद के CEO सतबीर मान और निगम यूनियन के प्रधान बलवीर गुलेरिया भी मौजूद रहे।