




कैबिनेट मंत्री ने उझाना गांव में लगभग 2.40 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।उन्होंने गांववालों को आश्वासन दिया कि सामूहिक विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायत को 31 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की, जिसे पंचायत प्राथमिकता के अनुसार खर्च कर सकेगी।
मंत्री कृष्ण बेदी ने नरवाना में 100 बेड के नए सिविल अस्पताल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल से नरवाना और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कैबिनेट मंत्री ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उझाना में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने 2015 में स्कूलों को सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के लिए सीधे अनुदान देना शुरू किया था। उन्होंने छात्राओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने का प्रेरणा स्रोत बताया और स्वच्छता, अनुशासन, और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने की सराहना की।
बेदी ने कहा कि हरियाणा में अपराधियों और गुंडा तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। आने वाले समय में नरवाना में हर नागरिक सुरक्षित महसूस करेगा। हमारी बहन-बेटियां भी रात में बिना किसी डर के सड़कों पर घूम सकेंगी।
बता दें कि, नरवाना में पिछले 5 सालों से धीमी गति से चल रहे फ्लाईओवर निर्माण पर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि यह कार्य अब तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और अगले 3-4 महीनों में इसे पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के बन जाने से लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
मंत्री बेदी ने कहा कि ग्राम पंचायतों की सभी मांगों को छह महीने के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।




