Inkhabar Haryana, Kumari Selja: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर नहरों के पुलों पर रेलिंग, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
सरदारेवाला नहर हादसे पर गहरी चिंता
सांसद कुमारी सैलजा ने अपने पत्र में फतेहाबाद जिले के गांव सरदारेवाला के पास भाखड़ा नहर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का जिक्र किया, जिसमें एक गाड़ी के नहर में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अगर सिंचाई विभाग ने पहले ही जरूरी कदम उठाए होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
नहरों के पुलों पर सुरक्षा की अनदेखी
सांसद ने बताया कि सिरसा और फतेहाबाद जिलों से गुजरने वाली भाखड़ा नहर के कई पुलों पर सुरक्षा दीवार टूटी हुई है, रेलिंग नहीं लगी है और रिफ्लेक्टर भी नहीं हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सरसा के गांव लोहगढ़ क्षेत्र से गुजरने वाली सरहिंद नहर के पुल की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त है, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया है।
इसके अलावा, ओढां क्षेत्र में पीरखेड़ा नहर और लोहगढ़ के पास सरहिंद नहर के पुलों पर भी रेलिंग की स्थिति बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि नहरों की गहराई अधिक होने वाले स्थानों पर रेलिंग और संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाने चाहिए।
सुरक्षा सुधार के लिए सर्वेक्षण की मांग
कुमारी सैलजा ने CM से आग्रह किया कि संबंधित विभाग की एक विशेष टीम गठित कर नहरों पर सुरक्षा की मौजूदा स्थिति का सर्वेक्षण कराया जाए। इस सर्वेक्षण में यह देखा जाए कि किन पुलों पर रेलिंग, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा दीवारें नहीं हैं और जल्द से जल्द वहां ये सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
उन्होंने यह भी मांग की कि पूर्व में हुए ऐसे हादसों की जिम्मेदारी तय कर, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।