विनोद लांबा, दिल्ली
Inkhabar Haryana, Kumari Selja: हरियाणा की राजनीति में एक युग के अंत का प्रतीक बनते हुए, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
कुशल प्रशासक और प्रखर वक्ता
कुमारी सैलजा ने कहा कि चौटाला साहब न केवल एक कुशल प्रशासक और प्रखर वक्ता थे, बल्कि हरियाणा की राजनीति में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने चौ. ओमप्रकाश चौटाला को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ओमप्रकाश चौटाला का निधन हरियाणा राजनीति के लिए न सिर्फ बेहद दु:खद है, बल्कि एक युग की समाप्ति है।
सैलजा ने चौटाला को लोहपुरुष के रुप में याद किया
उन्होंने कहा कि चौटाला साहब ने राजनीति और सामाजिक जीवन में सर्वोच्च स्थान हासिल किया और हमेशा अपने आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से कठिनाइयों को पराजित किया। कुमारी सैलजा ने उन्हें ‘लोहपुरुष’ के रूप में स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व मरते नहीं हैं, बल्कि वे लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहते हैं।
कुमारी सैलजा ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि चौटाला साहब का निधन केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक युग की समाप्ति का संकेत है।