Inkhabar Haryana, Kumari Selja: भगत नामदेव जी की 754वीं जयंती के अवसर पर कालांवाली स्थित भगत नामदेव धर्मशाला में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में विशेष रूप से श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला गया और कीर्तन दरबार सजाया गया। साथ ही, समाज सेवा का एक और महत्वपूर्ण कार्य भी किया गया, जिसमें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कई श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा की।
सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने इस अवसर पर भगत नामदेव जी के योगदान की सराहना करते हुए धर्मशाला के निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। कुमारी सैलजा ने अपने संबोधन में कहा कि भगत नामदेव जी ने समाज की भलाई के लिए हमेशा काम किया। उनका उद्देश्य सभी को एकत्रित करना और सेवा करना था। आजकल लोग राजनीति के माध्यम से समाज की सेवा करते हैं, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारे बुजुर्गों ने भी समाज की सेवा में अपना योगदान दिया और क्षेत्र का विकास किया।
10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा
उन्होंने आगे कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जनता की समस्याओं का समाधान किया जाए और सभी वर्गों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करना समाज को एकजुट करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
Advertisement
कांग्रेस नेता सहज राम के निधन पर शोक व्यक्त किया
बता दें कि, समारोह में कई प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक हस्तियां भी शामिल हुईं। कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, गुरुद्वारा निर्मलसर साहिब तिलोकेवाला के मुख्य सेवादार बाबा गुरमीत सिंह, सोहन सिंह सरपंच थराज और अन्य क्षेत्रीय नेता उपस्थित थे। इस दौरान विद्यार्थियों और समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शख्सियतों को भी सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त, कुमारी सैलजा और विधायक शीशपाल केहरवाला ने कांग्रेस नेता सहज राम के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके निवास पर गए। उन्होंने इंद्र जैन की भाभी के निधन पर भी शोक जताया, साथ ही शहर के व्यापारी स्व. मंगत राय की धर्मपत्नी के निधन पर भी उनके घर जाकर शोक व्यक्त किया।