




Inkhabar Haryana, Maha kumbh 2025: भारत की पवित्र धरती पर महाकुंभ 2025 की भव्य शुरुआत हो चुकी है। हिन्दू धर्म के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक, महाकुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सभ्यता और एकता का प्रतीक भी है। ITV नेटवर्क की ओर से प्रयागराज में आयोजित इस महाकुंभ का उद्घाटन परंपरागत रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के श्रद्धालु, संत और धर्मगुरु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
महाकुंभ के महामंच की शुरुआत Sunday Guardian की चेयरपर्सन ऐश्वर्या पंडित शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंच पर देशभर से आए साधु-संतों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सभी संतों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उन्हें “सनातन की सेना” कहकर संबोधित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जो इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हैं।
महाकुंभ 2025 में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जबकि भारत के प्रमुख साधु-संत भी इस आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संगम नगरी प्रयागराज में इस अवसर पर विशेष दौरा किया। सीएम योगी ने डीपीएस हेलीपैड अरैल पर उतरकर नाव के जरिए स्नान घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन को भव्य और सुरक्षित बनाने की प्रतिबद्धता जाहिर की।
सीएम योगी के दौरे के दौरान डिजिटल कुंभ एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया गया, जो श्रद्धालुओं को एक अनोखा अनुभव प्रदान करेगा। इसके साथ ही संविधान गैलरी पुलिस लाइन का भी दौरा किया गया। मुख्यमंत्री ने परेड पुलिस लाइन में आयोजित फायर एंड रेडियो एडिशन कार्यक्रम में भाग लिया और कुंभ मेले की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की।
13 जनवरी से शुरू होने जा रहे इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां अपने चरम पर हैं। महाकुंभ की गूंज न केवल भारत में, बल्कि सात समंदर पार भी सुनाई दे रही है। प्रयागराज मेला प्राधिकरण और प्रशासन ने इस बार मेले को डिजिटल और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष योजनाएं बनाई हैं। मुख्यमंत्री योगी ने सभी 13 अखाड़ों और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और रात्रि भोज के दौरान उनसे चर्चा की।




