Advertisement
Advertisement
होम / Mahakumbh 2025: महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान, देर रात भगदड़ के बाद श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़, सीएम योगी ने की खास अपील

Mahakumbh 2025: महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान, देर रात भगदड़ के बाद श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़, सीएम योगी ने की खास अपील

BY: • LAST UPDATED : January 29, 2025

Inkhabar Haryana, Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 में मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। संगम में पुण्य लाभ की इच्छा रखने वाले लाखों लोग प्रयागराज पहुंच चुके हैं, जिससे क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई है। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारी

बता दें कि, देर रात हुई भगदड़ की घटना के बाद पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रयागराज में सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन द्वारा लगातार श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे संगम की ओर जाने की कोशिश न करें और अन्य घाटों पर स्नान करें।

इसके साथ ही, कुंभ क्षेत्र में लगे सैकड़ों माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को निर्देशित किया जा रहा है कि वे संयम बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार, संगम क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण अखाड़ों ने अपने पारंपरिक अमृत स्नान को निरस्त करने का निर्णय लिया है, ताकि पहले आम श्रद्धालु स्नान कर सकें और स्थिति नियंत्रित रहे।

Advertisement

यातायात व्यवस्था में बदलाव

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रयागराज जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया है। जिला प्रशासन ने रायबरेली में बछरांवा, आईडीटीआर और आईटीआई ऊंचाहार में सभी वाहनों को रोक दिया है। जब तक भीड़ कम नहीं हो जाती, तब तक यातायात बहाल नहीं किया जाएगा।

रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। प्रयागराज के सीमावर्ती रेलवे स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है, और भारी भीड़ के कारण कई स्पेशल ट्रेनों को पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन पर ही रोक दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने होल्डिंग एरिया में ठहराव की व्यवस्था की है। बिना यात्रा टिकट के यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ की अपील

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ एक भव्य आयोजन है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। सभी से निवेदन है कि वे संगम क्षेत्र की ओर जाने के बजाय 15-20 किलोमीटर के दायरे में बनाए गए अस्थायी घाटों पर स्नान करें।