Advertisement
Advertisement
होम / Mahendragarh News: महेंद्रगढ़ में 2.81 करोड़ की सड़क निर्माण पर उठे सवाल, नगर पालिका चेयरमैन ने रुकवाया काम

Mahendragarh News: महेंद्रगढ़ में 2.81 करोड़ की सड़क निर्माण पर उठे सवाल, नगर पालिका चेयरमैन ने रुकवाया काम

BY: • LAST UPDATED : May 21, 2025

Inkhabar Haryana, Mahendragarh News: शहर के 11 हट्टा बाजार क्षेत्र में एक दशक के लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ 2.81 करोड़ रुपये की लागत वाला सड़क निर्माण कार्य अब विवादों में घिर गया है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि इसमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी ने स्वयं निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।

निर्माण कार्य में कई नियमों का उल्लंघन हो रहा- चेयरमैन

चेयरमैन रमेश सैनी ने बताया कि निर्माण कार्य में कई नियमों का उल्लंघन हो रहा है। ठेका किसी अन्य ठेकेदार को दिया गया था, लेकिन कार्य एक स्थानीय ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है, जिससे संभावित घोटाले की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नियमानुसार मिक्सिंग के लिए RMC प्लांट का उपयोग होना चाहिए था, लेकिन इसके स्थान पर एक छोटी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निर्माण सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग की मिली शिकायत

चेयरमैन रमेश सैनी ने कहा कि हमारे पास स्थानीय निवासियों की शिकायतें आई थीं कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है। हमने तुरंत निरीक्षण किया और पाया कि नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। इसलिए निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है और इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। दोषी पाए जाने पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश की जाएगी।

Advertisement

बिजली के खंभे भी एक बड़ी बाधा

सड़क निर्माण में बिजली के खंभे भी एक बड़ी बाधा बने हुए हैं। सड़क के बीचोंबीच अभी भी बिजली के पोल लगे हुए हैं, जो दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। नगर पालिका को इन पोल और तारों को शिफ्ट करने के लिए बिजली निगम से 70 लाख रुपये का बजट मिला था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। स्थानीय निवासी ने बताया कि सड़क तो बन रही है, लेकिन जैसे बन रही है, उससे ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। मसानी चौक से बालाजी चौक की सड़क पहले ही कुछ महीनों में टूट गई थी। वही हालात अब यहां भी बन रहे हैं।