Inkhabar Haryana, Mahipal Dhanda: हरियाणा सरकार जनता की शिकायतों के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शिक्षा मंत्री एवं जिला कष्ट निवारण समिति के अध्यक्ष महिपाल ढांडा ने जींद में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान विभिन्न जनसमस्याओं की सुनवाई की और लापरवाह अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाया। बैठक के दौरान पटियाला चौक पुलिस चौकी इंचार्ज द्वारा शिकायतकर्ता के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में मंत्री ने इंचार्ज की टर्मिनेशन की सिफारिश करते हुए एसपी राजेश कुमार को उसकी फाइल तैयार करने के निर्देश दिए।
जनता की शिकायतों पर मंत्री ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान नरवाना रोड के निवासियों ने शिकायत की कि क्षेत्र में स्थित एक होटल में अवैध गतिविधियां हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस मामले में पटियाला चौक पुलिस चौकी से लेकर एसपी तक शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब शिक्षा मंत्री ने इस पर जवाब मांगा तो डीएसपी जितेंद्र ने बताया कि होटल में ऐसा कुछ नहीं हो रहा। इस पर मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि स्थानीय लोग पानीपत तक आकर अपनी समस्या बता रहे हैं, तो निश्चित ही कोई गंभीर मामला होगा।
पुलिस चौकी इंचार्ज पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पटियाला चौक पुलिस चौकी इंचार्ज न केवल शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है बल्कि शिकायतकर्ताओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है और गालियां देता है। इस पर भड़के महिपाल ढांडा ने कहा कि “यह व्यक्ति नौकरी के लायक नहीं है” और एसपी को निर्देश दिया कि इंचार्ज की टर्मिनेशन की सिफारिश करते हुए उसकी फाइल एक सप्ताह के भीतर उनके पास भेजी जाए। मंत्री ने चौकी इंचार्ज को यह भी कहा कि अगर आपके घर के सामने ऐसा होटल खुल जाए, तो आप क्या करेंगे?
बैंक अधिकारियों को फटकार
बैठक में राम कॉलोनी निवासी कविता की मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत भैंस लोन की किस्त बैंक द्वारा न दिए जाने का मामला भी सामने आया। मंत्री ने इस पर आईडीबीआई बैंक के मैनेजर को फटकार लगाते हुए कहा कि बिना किसी कारण पात्र लोगों को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बैंक अधिकारियों को सात दिनों के भीतर बकाया राशि जारी करने के निर्देश दिए, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
लेबर विभाग पर गंभीर आरोप, जांच के आदेश
बैठक में एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लेबर विभाग के अधिकारियों ने विवाह शगुन योजना के तहत मिलने वाली राशि में गड़बड़ी की और जबरन शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। अधिकारियों ने उसे गुमराह कर केवल 41,000 रुपये दिलवाए, जबकि उसे 1,01,000 रुपये मिलने थे। उसकी आईडी भी ब्लॉक करवा दी गई।
इस मामले पर शिक्षा मंत्री ने जिला कल्याण विभाग के असिस्टेंट कर्मचारी पर नाराजगी जताई और डीसी मोहम्मद इमरान रजा को आदेश दिया कि लेबर विभाग पर विशेष नजर रखी जाए और एक सप्ताह के भीतर इस मामले की पूरी जांच कर रिपोर्ट पेश की जाए।
सिंचाई विभाग और अन्य अधिकारियों की भी हुई क्लास
बैठक में सिंचाई विभाग की लापरवाही को लेकर भी शिकायतें आईं। किसानों ने बताया कि नहरों के टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा। इस पर मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए।
21 शिकायतों में से 12 का मौके पर हुआ समाधान
बैठक में कुल 21 शिकायतें मंत्री के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष लंबित शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पत्रकारों से बातचीत में महिपाल ढांडा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति से देश के युवा इतिहास से अवगत होंगे और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार 2025 तक सभी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।