




Inkhabar Haryana, Manisha murder case: हरियाणा के भिवानी जिले के बहुचर्चित मनीषा हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। कई दिनों से चल रहे धरना-प्रदर्शन और प्रशासन व परिवार के बीच गतिरोध सोमवार देर रात खत्म हो गया। रोहतक पीजीआई से आई विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद धरना कमेटी और मनीषा के पिता ने धरना समाप्त करने का ऐलान किया और साथ ही यह निर्णय लिया कि मनीषा का अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा।
ढिगावा मंडी स्थित विश्राम गृह में रविवार देर रात करीब 1 बजे तक बैठक चली। इसमें प्रशासन की ओर से लोहारू एसडीएम मनोज दलाल, धरना कमेटी के सदस्य और मनीषा के पिता शामिल रहे। लंबी चर्चा के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई, जिसमें धरना खत्म करने और अंतिम संस्कार करने की जानकारी साझा की गई। धरना कमेटी ने प्रदेशभर की जनता का आंदोलन में सहयोग देने पर आभार जताया और लोगों से अपील की कि अब अफवाहों पर ध्यान न दें।
पुलिस की गहन जांच और चिकित्सकों के विशेष पैनल द्वारा तैयार की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले की तस्वीर साफ कर दी। रिपोर्ट में चार महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए—
1. जहरीला पदार्थ मिला: मनीषा के शरीर में जहर के अंश मिले हैं। जांच में सामने आया कि यह पदार्थ उसने खाद-बीज की दुकान से खरीदा था, जिससे आत्महत्या की आशंका मजबूत हो गई।
2. जानवरों के काटने के निशान: रिपोर्ट में उल्लेख है कि मनीषा की मौत के बाद उसके शरीर को किसी जानवर ने काटा था।
3. कोई केमिकल नहीं डाला गया: शव पर किसी प्रकार का एसिड या रसायन डालने की पुष्टि नहीं हुई।
4. दुष्कर्म के प्रमाण नहीं: सबसे अहम खुलासा यह रहा कि मनीषा के साथ दुष्कर्म के कोई सबूत नहीं मिले।
एसडीएम मनोज दलाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई सवालों के जवाब दे दिए हैं। यह रिपोर्ट पुलिस जांच के लिए बेहद अहम है। परिवार और धरना कमेटी की सहमति से धरना समाप्त हो गया है और आज मनीषा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मामले को अफवाहों से परे वास्तविक तथ्यों के आधार पर समझने की अपील की।




