Inkhabar Haryana, Manisha Father on Haryana Assembly Debate: भिवानी जिले की 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध मौत ने पूरे हरियाणा की राजनीति को गर्मा दिया है। यह मामला केवल एक परिवार का व्यक्तिगत दुख नहीं रहा, बल्कि प्रदेश स्तर पर बड़ा मुद्दा बन गया। विपक्ष जहां इस प्रकरण को लेकर लगातार सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहा है, वहीं अब खुद मनीषा के पिता सामने आए हैं और उन्होंने सरकार का बचाव करते हुए राजनीतिक दलों से अपील की है कि इस मामले को राजनीति का मंच न बनाया जाए।
पिता का सरकार के समर्थन में बयान
मनीषा के पिता ने एक वीडियो जारी कर कहा कि मेरी बेटी की मौत के बाद हमने और जनता ने सरकार से दो प्रमुख मांगे रखी थीं। पहली मांग थी कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए और दूसरी मांग थी कि दिल्ली एम्स से शव का पोस्टमार्टम कराया जाए। हरियाणा सरकार ने तुरंत हमारी दोनों मांगें मान लीं और कार्रवाई की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संवेदनशील समय में बहुत से लोग उनके पास आकर अलग-अलग बातें कहते हैं। ऐसे में वे राजनीतिक दलों और नेताओं से हाथ जोड़कर निवेदन करते हैं कि उनकी बेटी की मौत पर किसी भी तरह की राजनीति न की जाए।
दिल्ली एम्स में तीसरा पोस्टमार्टम
गौरतलब है कि भिवानी और रोहतक के बाद मनीषा का तीसरा पोस्टमार्टम दिल्ली के एम्स में कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव को गांव लाया गया और वहीं अंतिम संस्कार किया गया।
राजनीतिक माहौल गरमाया
हालांकि सरकार ने इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया है, लेकिन विपक्ष लगातार प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। इस बीच मनीषा के पिता का सामने आकर सरकार का बचाव करना और राजनीति न करने की अपील करना मामले को नया मोड़ देता है।