Advertisement
Advertisement
होम / Martyr Dinesh Kumar: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हरियाणा के सपूत पंचतत्व में हुए विलीन, 5 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि

Martyr Dinesh Kumar: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हरियाणा के सपूत पंचतत्व में हुए विलीन, 5 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि

BY: • LAST UPDATED : May 9, 2025

Inkhabar Haryana, Martyr Dinesh Kumar: जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में भारत मां के वीर सपूत लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। यह दुखद घटना “सिंदूर ऑपरेशन” के बाद हुई, जब पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय क्षेत्र में अंधाधुंध गोलाबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कई जवान घायल हुए, लेकिन हरियाणा के पलवल जिले के मोहम्मदपुर गुलावत गांव के दिनेश कुमार शर्मा वीरगति को प्राप्त हो गए।

गांव की मिट्टी में हुआ अंतिम संस्कार

गुरुवार सुबह जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पलवल पहुंचा, गांव मोहम्मदपुर गुलावत में शोक की लहर दौड़ गई। पार्थिव शरीर को एक भव्य बाइक रैली के साथ गांव लाया गया। “भारत माता की जय”, “शहीद दिनेश कुमार अमर रहें”, “जब तक सूरज चांद रहेगा, दिनेश तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। गांव में सड़क किनारे बनाए गए शहीद स्मारक स्थल पर पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। वहां हजारों की संख्या में ग्रामीण, परिवारजन, सेना के जवान और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। हर आंख नम थी, लेकिन दिल में गर्व की भावना स्पष्ट झलक रही थी।

पांच वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि

इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, विधानसभा के सदस्य गौरव गौतम, और राजेश नागर सहित कई गणमान्य नेताओं ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके बलिदान को देश के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया। सबसे भावुक क्षण वह था, जब शहीद के पांच वर्षीय बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं। इस दौरान सेना व पुलिस के जवानों ने 21 तोपों की सलामी देकर शहीद को अंतिम विदाई दी।

Advertisement