Inkhabar Haryana, Mohan Lal Badoli on Gurugram waterlogging: हरियाणा में हो रही लगातार बारिश के चलते गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी सिलसिले में हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मंगलवार को गुरुग्राम का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जलभराव से प्रभावित इलाकों को देखा और अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि यह जलभराव कोई प्राकृतिक आपदा नहीं बल्कि पूरी तरह से अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुरुग्राम में जलभराव की मुख्य वजह है ड्रेनेज की समय पर सफाई न होना। उन्होंने बताया कि ड्रेनेज सिस्टम में जगह-जगह घास, फूस और मिट्टी जमी हुई है, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि शहर में विकास की बात तब ही सार्थक होगी जब बुनियादी व्यवस्थाएं मजबूत हों। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जब हर साल मानसून आता है, तो प्रशासन इसकी तैयारी पहले से क्यों नहीं करता? बड़ौली ने कहा कि ड्रेनेज की सफाई अगर समय रहते होती, तो आज लोगों को जलभराव की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ता।
अधिकारियों को दी चेतावनी
बडौली ने अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता की परेशानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आम लोगों की सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन यदि अधिकारियों ने अपना कार्य ईमानदारी से नहीं किया, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अंत में, मोहन लाल बड़ौली ने नगर निगम और जिला प्रशासन को जल्द से जल्द जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए और कहा कि गुरुग्राम जैसे अंतरराष्ट्रीय शहर में ऐसी स्थिति शर्मनाक है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं और स्वच्छता में सहयोग करें।