Advertisement
Advertisement
होम / Mohanlal Badoli: “सप्ताह में तीन दिन चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय में बैठेंगे भाजपा सरकार के मंत्री, सुनी जाएगी लोगों की समस्याएं”- बडौली

Mohanlal Badoli: “सप्ताह में तीन दिन चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय में बैठेंगे भाजपा सरकार के मंत्री, सुनी जाएगी लोगों की समस्याएं”- बडौली

BY: • LAST UPDATED : December 30, 2024
विनोद लांबा, दिल्ली

Inkhabar Haryana, Mohanlal Badoli: हरियाणा भाजपा ने अपने संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को तेज करते हुए नए लक्ष्यों और योजनाओं की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान संगठन चुनाव की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1 जनवरी से 5 जनवरी तक बूथ स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी, जबकि 6 जनवरी से 12 जनवरी तक मंडल अध्यक्षों का चयन कर लिया जाएगा।

डिजिटल माध्यम से हुआ 41 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा

बडौली ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए व्यापक योजनाएं बनाई गई हैं। इसके तहत हरियाणा सरकार के मंत्री सप्ताह में तीन दिन चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में बैठकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा ने अब तक 41 लाख सदस्य बनाए हैं, जिसमें से 31 हजार से अधिक सक्रिय सदस्य हैं। सदस्यता अभियान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित हुआ है और पार्टी के पास सभी कार्यकर्ताओं का विस्तृत डेटा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 50 लाख सदस्य बनाने का है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

Advertisement

सक्रिय सदस्यता अनिवार्य

बडौली ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक संरचना में बूथ अध्यक्ष बनने के लिए सक्रिय सदस्य होना आवश्यक है। 20,629 बूथों पर तीन-तीन सक्रिय सदस्य बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा, 50 हजार सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से 31 हजार सदस्य बन चुके हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि भाजपा संगठन में लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन किया जाता है। बूथ और मंडल अध्यक्षों का चयन पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होगा। इसके लिए जिलावार स्क्रीनिंग कमेटियां बनाई गई हैं, जो चयन प्रक्रिया की निगरानी करेंगी।

संगठन विस्तार और नई संरचना

भाजपा ने अपने संगठनात्मक ढांचे का विस्तार करते हुए प्रदेश में मंडलों की संख्या को 313 से बढ़ाकर 376 कर दिया है। 4390 शक्ति केंद्रों पर सहायकों की नियुक्ति की गई है और बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि जिन बूथों पर 50 सदस्य नहीं होंगे, वहां चुनाव नहीं कराया जाएगा।

हरियाणा में भाजपा का भविष्य मजबूत: बडौली

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और प्रदेश में पार्टी की पकड़ को और गहरा करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा में भाजपा की सरकार लंबे समय तक बनी रहेगी।प्रेसवार्ता के दौरान बडौली ने बताया कि हरियाणा सरकार के मंत्री जल्द ही सप्ताह में तीन दिन चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में बैठेंगे। यहां वे जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास करेंगे। यह व्यवस्था जल्दी ही लागू की जाएगी।

आगे की योजना

बडौली ने कहा कि संगठन चुनाव की प्रक्रिया के दौरान साधारण सदस्यता अभियान भी जारी रहेगा। उन्होंने भाजपा को लोकतंत्र को मजबूत करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी का संगठनात्मक चुनाव भी इस परंपरा का उदाहरण है। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पूनिया, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी संजय आहुजा और नवीन गर्ग भी मौजूद रहे।