




ब्राह्मण सभा के प्रधान राजकुमार भारद्वाज ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मोहनलाल बडौली पर राजनीतिक कारणों से षडयंत्र के तहत केस दर्ज कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला पूरी तरह से एक साजिश का नतीजा है, जिसे मोहनलाल बड़ोली के बढ़ते कद को रोकने के लिए रचा गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।
सभा में इस बात पर जोर दिया गया कि मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराई जानी चाहिए। प्रधान राजकुमार भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के रहते हुए इस तरह के राजनीतिक दुर्भावनापूर्ण कदम उठाए जाने की आशंका है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से अपील की कि इस मामले में जल्दबाजी में कोई फैसला न लिया जाए।
राजकुमार भारद्वाज ने आशंका जताई कि मोहनलाल बडौली के खिलाफ उनकी ही पार्टी के कुछ नेताओं ने साजिश रची है। उन्होंने कहा कि कई बार पार्टी के भीतर ही राजनीतिक दुर्भावना के चलते साजिशें रची जाती हैं। ऐसे मामलों की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को बेनकाब किया जा सके।




