Inkhabar Haryana, Mohanlal Badoli: हरियाणा में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्याकांड को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को राजनीतिक चश्मे से देखने से इनकार करते हुए कहा कि यह मामला किसी पार्टी का नहीं, बल्कि एक बेटी के न्याय का है। उन्होंने कहा कि हिमानी नरवाल हमारे देश की बेटी थी। किसी भी बेटी के साथ ऐसा होना बेहद चिंताजनक है। वह कार्यकर्ता थीं या कुछ और यह बाद की बात है, लेकिन यह परिवार के लिए संकट की घड़ी है। हम उनके साथ हैं और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
नगर निगम चुनाव पर प्रतिक्रिया
नगर निगम चुनावों को लेकर मोहन लाल बडौली ने कहा कि इस बार शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ है। उन्होंने मतदान करने वाले सभी मतदाताओं को बधाई दी और मतदान न करने वालों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह पर्व पांच साल बाद आता है और हमें अपने वोट के अधिकार का उपयोग जरूर करना चाहिए। हमें अपनी पसंद की सरकार चुननी चाहिए और लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए।
वहीं वोटिंग प्रतिशत कम रहने पर उन्होंने चिंता जाहिर की और इसे लोकतंत्र के लिए एक चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि मतदान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि भविष्य में अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
12 मार्च को चुनाव परिणाम पर दावा
नगर निगम चुनावों के नतीजों को लेकर मोहन लाल बडौली ने कहा कि बीजेपी सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और चुनावी समीकरणों के अनुसार बीजेपी एकतरफा जीत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस को शून्य सीटें मिली थीं, उसी तरह इन चुनावों में भी कांग्रेस का सफाया हो जाएगा।
बीजेपी ज्वाइन करने के इच्छुक नेताओं पर बयान
पानीपत नगर निगम चुनाव को लेकर बडौली ने कहा कि कई बड़े नेता बीजेपी में शामिल होने के लिए कतार में हैं। हालांकि, फिलहाल पार्टी ने इस प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि चुनावों के बाद यह रोक हटा दी जाएगी, लेकिन फिलहाल बीजेपी में शामिल होने के इच्छुक नेताओं को चुनावों में पार्टी के लिए काम करने को कहा गया है।