




मोहनलाल बडोली ने कार्यक्रम के दौरान संतों के आगमन का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि संतों के आगमन से सोनीपत की धरती पवित्र हो गई है। संतों के माध्यम से जो संदेश यहां दिया गया है, उस पर सोनीपत की जनता अमल करेगी। इससे समाज को विशेष लाभ पहुंचेगा।
किसानों के दिल्ली कूच को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली किसने की है और किसान कहीं भी जा सकते हैं। यह उनका देश और प्रदेश भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के इस कदम को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए और हर नागरिक को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के तीन बच्चों वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बडोली ने कहा कि अगर तीन बच्चे होंगे तो और भी अच्छा होगा। वहीं संबल घटना को लेकर उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग इस प्रकार का उन्माद पैदा करते रहते हैं। यह समाज के लिए हानिकारक है। इस विषय को सही तरीके से समझने की जरूरत है। जो इसे समझ लेगा, वह सही रास्ते पर आ जाएगा।
आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए बडोली ने कहा कि अरविंद केजरीवाल झूठ बोलने वाले हैं और कुछ भी कह सकते हैं। केजरीवाल अच्छे ढंग से झूठ की बनावट करना जानते हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी को भी इस संदर्भ में आड़े हाथों लिया।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकारी कोठी खाली करने के मामले में मोहनलाल बडोली ने कहा कि यह कोठी हुड्डा की नहीं थी, बल्कि सरकारी कोठी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इसे स्वयं खाली कर देना चाहिए, क्योंकि उनके पास अब कोई पद नहीं है।




