Advertisement
Advertisement
होम / Narnaul News: नारनौल नगर परिषद के कर्मचारियों ने मांगे न माने जाने पर लगाया तालाबंदी, अधिकारी आश्वासन से भी मुकरे

Narnaul News: नारनौल नगर परिषद के कर्मचारियों ने मांगे न माने जाने पर लगाया तालाबंदी, अधिकारी आश्वासन से भी मुकरे

BY: • LAST UPDATED : May 28, 2025
Inkhabar Haryana, Narnaul News: हरियाणा के नारनौल में आज नगर परिषद कार्यालय के दोनों गेटों पर कर्मचारियों ने ताला जड़ कर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अधिकारियों ने उनकी मांगों को अब तक नहीं माना, जिससे नाराज होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

क्या हैं पूरा मामला?

चार दिन पहले नारनौल नगर परिषद के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए थे। उस समय अधिकारियों ने उन्हें यह आश्वासन दिया था कि उनकी सभी लंबित मांगों को सोमवार तक पूरा कर दिया जाएगा। विशेष रूप से, कर्मचारियों के खातों में लंबित राशि ट्रांसफर किए जाने का वादा किया गया था। लेकिन सोमवार बीतने के बाद भी जब उनके खातों में कोई रकम नहीं आई, तो कर्मचारियों ने नाराज होकर आज नगर परिषद के दोनों प्रवेश द्वारों पर तालाबंदी कर दी।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बीते तीन वर्षों से वर्दी और जूतों का भत्ता नहीं मिला है। इसके अलावा अन्य कई जरूरी भत्ते भी नगर परिषद अधिकारी देने में असफल रहे हैं। सबसे बड़ी नाराजगी इस बात को लेकर है कि हर साल की तरह इस बार भी गेहूं के पैसे देने में आनाकानी की जा रही है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि हर बार उन्हें इन पैसों के लिए लड़ना पड़ता है, लेकिन इस बार आंदोलन के बावजूद अब तक राशि नहीं दी गई।

Advertisement

कुछ कर्मचारियों ने दिखाई ड्यूटी के प्रति निष्ठा

तस्वीरों में यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि जहां एक ओर गेट बंद थे, वहीं कुछ कर्मचारी गेट कूदकर अपनी ड्यूटी पर पहुंचते नजर आए। यह स्थिति दर्शाती है कि सभी कर्मचारी विरोध के बावजूद अपने कार्य के प्रति गंभीर हैं, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी उन्हें मजबूर कर रही है। कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि पूरे हरियाणा में नगर परिषद के कर्मचारियों को उनकी लंबित राशि मिल चुकी है, लेकिन नारनौल के अधिकारी जानबूझकर यहां के कर्मचारियों को परेशान कर रहे हैं। इसी भेदभाव और उदासीनता के विरोध में उन्होंने आज तालाबंदी कर दी।

Tags:

Narnaul News