




New Kaithal Railway Station: हरियाणा के कैथल शहर में पुराने रेलवे स्टेशन की भीड़भाड़ और स्थान की कमी को ध्यान में रखते हुए रेलयात्री कल्याण समिति ने नया कैथल रेलवे स्टेशन को अपग्रेड करने की मांग की है। रविवार को सनातन धर्म मंदिर में समिति की बैठक हुई, जिसमें अध्यक्ष बलवंत जाटान और चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने विचार-विमर्श किया।समिति ने बताया कि पुराना रेलवे स्टेशन काफी भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित है, जहां सुविधाओं की कमी है और यात्रियों के लिए पहुंचना कठिन होता है। इसके विपरीत, नया कैथल रेलवे स्टेशन बस स्टैंड के पास स्थित है, जो यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक हो सकता है।
सतपाल गुप्ता ने जानकारी दी कि सांसद नवीन जिंदल के कार्यालय से यह सूचना मिली है कि सरकार नए कैथल रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य शुरू करने की योजना बना रही है। इसमें डबल रेल लाइन, ऊंचे प्लेटफार्म और टिकट काउंटर जैसी सुविधाओं के साथ रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने पर जोर दिया जाएगा। 14 सितंबर को रेलवे की टीम ने पुराने कैथल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। इस दौरान प्लेटफार्म को लंबा और ऊंचा करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई थी।
समिति का मानना है कि नया स्टेशन पुरानी सुविधाओं की तुलना में बेहतर सेवा प्रदान कर सकता है, इसलिए उन्होंने नए स्टेशन पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की है। कैथल का पुराना रेलवे स्टेशन करीब 154 साल पुराना है और यहां की रेलवे लाइनें और उपकरण काफी पुराने हो चुके हैं। इसी कारण, रेलयात्री कल्याण समिति ने नए रेलवे स्टेशन को अपग्रेड करने की जरूरत पर जोर दिया है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Gurugram News: सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम जनता की तोड़ी कमर




