




Inkhabar Haryana, NHM staff protest in Ambala: हरियाणा के अंबाला में नागरिक अस्पतालों में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने सोमवार को तीन महीने से लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर पैन डाउन हड़ताल कर दी। यह हड़ताल सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली, जिसमें कर्मचारी केवल इमरजेंसी सेवाएं ही दे रहे थे। हड़ताल के चलते अस्पतालों की ओपीडी और कई अन्य नियमित सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
अस्पतालों में स्थायी स्टाफ होने के बावजूद, एनएचएम कर्मचारियों की संख्या अधिक होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक असर कैंट और सिटी के नागरिक अस्पतालों में देखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचे थे लेकिन स्टाफ की कमी के कारण उन्हें लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा।
सिटी नागरिक अस्पताल के कर्मचारियों ने नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया, तो यह आंदोलन आगे भी जारी रह सकता है और सेवाएं और अधिक प्रभावित होंगी। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले एनएचएम कर्मचारी पहले भी सिविल सर्जन डॉक्टर राकेश सहल के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप चुके हैं, जिसमें वेतन भुगतान और अन्य मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की गई थी।




