Inkhabar Haryana, Nuh violence news: हरियाणा के नूंह जिले के राजस्थान बॉर्डर पर स्थित मुंडाका गांव में मंगलवार शाम एक मामूली पार्किंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते पथराव, आगजनी और झगड़े में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल हो गए। एक मोटरसाइकिल और झुग्गीनुमा दुकान को भी आग के हवाले कर दिया गया। हालांकि बुधवार सुबह तक हालात सामान्य हो गए और गांव में शांति बनी हुई है।
क्या हैं पूरा मामला?
गांव के सरपंच रामसिंह सैनी के मुताबिक, पास के गांव हाजीपुर निवासी इसरा का बेटा अपनी गाड़ी सड़क के बीच खड़ी किए था। इस दौरान गांव निवासी समय सिंह ने गाड़ी हटाने के लिए कहा, जिस पर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि कार में सवार युवक ने कांच की बोतल से समय सिंह पर हमला किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया।
आगजनी और बवाल की CCTV फुटेज
घटना के दौरान एक बाइक और दुकान को आग लगा दी गई। पास के पेट्रोल पंप के कैमरों में आगजनी और बवाल की तस्वीरें भी कैद हुईं, जिनमें उपद्रवियों को पुलिस को हटाते हुए देखा जा सकता है। प्रारंभ में मौके पर मौजूद पुलिस बल कम होने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर होती गई, लेकिन बाद में अतिरिक्त पुलिस बल और डीएसपी स्तर के अधिकारी तैनात कर पूरे गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
एसपी राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ था, जिसे बाद में भड़काने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दी जा चुकी है और मामले में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। हिंसा और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
सरपंच का दावा है कि भीड़ ने इस विवाद को हिंदू–मुस्लिम रंग देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति बिगड़ने से पहले ही काबू पा लिया गया। फिलहाल पुलिस गांव में मुस्तैदी से गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।