




Inkhabar Haryana, Om Prakash Chautala: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की अस्थि कलश यात्रा ने पूरे प्रदेश में एक भावुक वातावरण बना दिया है। प्रदेश के सभी 22 जिलों के लिए अलग-अलग अस्थि कलश यात्राएं निकाली जा रही हैं, ताकि उनके समर्थक और शुभचिंतक अंतिम बार श्रद्धासुमन अर्पित कर सकें। इसी कड़ी में, फतेहाबाद में अस्थि कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों लोग पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
फतेहाबाद जिले में यात्रा की शुरुआत डबवाली से हुई। यात्रा का नेतृत्व इनेलो के विधायक अर्जुन चौटाला, डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल, और प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने किया। जिले की जाट धर्मशाला में अस्थि कलश दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। श्रद्धालुओं ने कलश के दर्शन कर ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर फतेहाबाद से कांग्रेस के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उनके अलावा, नगर परिषद चेयरमैन राजिंद्र खिची, वाइस चेयरमैन सविता टुटेजा, और इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान जैसे गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने इस मौके पर कहा कि ओपी चौटाला सादे जीवन और उच्च विचार के प्रतीक थे। हरियाणा के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उनकी सादगी और सेवा भावना के कारण प्रदेशभर में उनके लाखों समर्थक हैं।
माजरा ने यह भी बताया कि चौटाला परिवार ने हर जिले के लिए अलग-अलग अस्थि कलश भेजे हैं, ताकि जो लोग तेजाखेड़ा गांव में अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके, वे अपने जिले में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।
बता दें कि, अस्थि कलश यात्रा के दौरान, देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
फतेहाबाद में दर्शन के बाद अस्थि कलश यात्रा हिसार की ओर रवाना हुई। कार्यक्रम के अंत में, टोहाना के पास बलियाला हेड पर ओमप्रकाश चौटाला की अस्थियों का विसर्जन किया गया।




