Advertisement
Advertisement
होम / Palwal News: पलवल नगर परिषद में हंगामा, कर्मचारियों ने पार्षदों के खिलाफ की नारेबाजी, जानें पूरा मामला

Palwal News: पलवल नगर परिषद में हंगामा, कर्मचारियों ने पार्षदों के खिलाफ की नारेबाजी, जानें पूरा मामला

BY: • LAST UPDATED : February 4, 2025

Inkhabar Haryana, Palwal News:  नगर परिषद कार्यालय में उस समय हंगामा मच गया जब कर्मचारियों ने पार्षदों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कर्मचारियों का आरोप है कि पार्षदों द्वारा उनके साथ गाली-गलौज, हाथापाई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे वे बेहद आक्रोशित हैं। इस घटना को लेकर कर्मचारियों ने कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद को लिखित शिकायत भी सौंप दी है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पार्षदों ने माफी नहीं मांगी, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

क्या है पूरा मामला?

नगर परिषद कर्मचारी जितेंद्र भाटी के अनुसार, उन्हें और अन्य चालकों को पालिका अभियंता विनोद गुप्ता ने सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी, किठवाड़ी चौक, पलवल बुलाया था। वहां पहुंचने पर अभियंता ने उन्हें बताया कि ट्रैक्टरों के पेपर चेक कर लिए गए हैं और वे डिलीवरी रिसीव कर सकते हैं। इसके बाद अभियंता मीटिंग में चले गए।इसी दौरान नगर परिषद चेयरमैन यशपाल, पार्षद प्रतिनिधि तेजपाल तेवतिया, पार्षद दीपचंद, पार्षद जितेंद्र तेवतिया, पार्षद अनिल नागर और वाइस चेयरमैन मनोज बंधु वहां पहुंचे। कुछ देर बाद पालिका अभियंता ने फोन पर डिलीवरी लेने से मना कर दिया, लेकिन पार्षद ट्रैक्टरों की डिलीवरी लेने पर अड़ गए। जब कर्मचारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की और अभियंता से बात करने को कहा, तो विवाद बढ़ गया।

गाली-गलौज, हाथापाई और धमकी

कर्मचारियों के अनुसार, पार्षद दीपचंद और पार्षद अनिल नागर ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई पर उतर आए। इतना ही नहीं, कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस दौरान वहां मौजूद कार्यवाहक सफाई दरोगा सत्यनारायण, सफाई दरोगा टेकचंद शर्मा, और कार्यवाहक जेसीबी चालक के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।सत्यनारायण ने आरोप लगाया कि उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया, जिससे उनका आत्मसम्मान ठेस पहुंची। कर्मचारियों के अनुसार, जब वे शिकायत दर्ज कराने नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, तो वहां भी पार्षदों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारने की कोशिश की।

Advertisement

पार्षदों ने बताया आरोप निराधार

वहीं, पार्षदों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। पार्षद दीपचंद का कहना है कि कर्मचारियों ने ही उनके साथ बदतमीजी की थी, जिसका विरोध पार्षद अनिल नागर ने किया था। नगर परिषद चेयरमैन यशपाल ने कहा कि वह दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही कोई उचित फैसला लेंगे।

Tags:

Palwal News