Inkhabar Haryana, Panipat News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 दिसंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस सिलसिले में पूर्व सांसद संजय भाटिया और उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बुधवार को जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल को 28 ब्लॉकों में विभाजित किया
बैठक में कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और प्रबंधन की समीक्षा की गई। उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि कार्यक्रम स्थल को 28 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। मीडिया के लिए अलग से मीडिया सेंटर और गैलरी की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए अधिकृत पास जारी किए जाएंगे, जिनके जरिए ही एंट्री संभव होगी। एलआईसी के अधिकारियों को शहर में कार्यक्रम से संबंधित होर्डिंग्स लगाने और उच्चाधिकारियों की सूची जिला प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि आवागमन को सुचारू बनाने के लिए एचसीएस और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है। साथ ही विभिन्न ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल का दौरा
बैठक के बाद पूर्व सांसद संजय भाटिया ने एडीसी डॉ. पंकज कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, एडीसी डॉ. पंकज यादव, सीईओ जिला परिषद नरेंद्र पाल मलिक, एसडीएम पानीपत ब्रह्म प्रकाश, एमडी शुगर मिल मनदीप कुमार, और एसडीएम समालखा अमित कुमार भी मौजूद थे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष बैठक
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने “सेल्फ हेल्प ग्रुप” की महिलाओं और प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ अलग से बैठक की। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों और प्रचार-प्रसार पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने “जीवन सखी योजना” पर भी विस्तार से चर्चा की और इसे सरल भाषा में महिलाओं तक पहुंचाने का आह्वान किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 9 दिसंबर को हरियाणा में महिलाओं का यह सबसे बड़ा आयोजन होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियां गंभीरता से निभाएं।