Inkhabar Haryana, Payal Malik apology: सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो पोस्ट करने के बाद घिरीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी पायल मलिक ने मंगलवार को पंजाब के प्रसिद्ध काली माता मंदिर, पटियाला में जाकर सार्वजनिक रूप से देवी महाकाली से क्षमा याचना की।
क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के लिए बता दें कि, यह विवाद उस समय भड़का जब पायल मलिक ने हाल ही में एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जिसमें वह देवी महाकाली के रूप में अभिनय करती नजर आईं। वीडियो की वेशभूषा और प्रस्तुति को लेकर कई हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि यह देवी महाकाली की छवि को अशोभनीय ढंग से प्रस्तुत करता है और इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर पायल के खिलाफ आक्रोश फैल गया। कई धार्मिक संगठनों और आम जनता ने न केवल माफी की मांग की बल्कि कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई।
मंदिर में आकर जताया पश्चाताप
विवाद बढ़ने पर पायल मलिक ने मंगलवार को अपने पति अरमान मलिक और परिवार सहित पटियाला के ऐतिहासिक काली माता मंदिर पहुंचकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने मंदिर परिसर में देवी के चरणों में सिर नवाकर क्षमा याचना की और अपने बयान में कहा कि मैं अपनी गलती को स्वीकार करती हूं, मै दोषी हूं और भविष्य में ऐसा कोई भी कार्य न करने का संकल्प लेती हूं जिससे किसी की आस्था या भावना को ठेस पहुंचे।
मंदिर समिति और संगठनों की ओर से सज़ा
धार्मिक संगठनों और मंदिर समिति ने पायल मलिक की माफी स्वीकार की, लेकिन एक संदेश देने के उद्देश्य से उन्हें मंदिर परिसर में बर्तन साफ करने का दायित्व सौंपा। यह प्रतीकात्मक सज़ा इस आशय के साथ दी गई कि कोई भी व्यक्ति धार्मिक प्रतीकों या देवी-देवताओं का अपमान कर बच नहीं सकता और उसे सार्वजनिक रूप से अपने कर्म का प्रायश्चित करना होगा।