




Inkhabar Haryana, Petrol Pump Machine Overheating in Kaithal: उत्तर भारत में गर्मी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। तापमान लगातार 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन तो प्रभावित है ही, अब पेट्रोल पंप संचालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कैथल जिले के पेट्रोल पंपों पर काम कर रही मशीनें इतनी गर्म हो जा रही हैं कि वे काम करना ही बंद कर दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार, दिन के सबसे गर्म समय सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक पेट्रोल भरने वाली मशीनों की मोटर अत्यधिक गर्म हो जाती है। इस वजह से मशीनें या तो धीमी हो जाती हैं या पूरी तरह से बंद हो जाती हैं, जिससे उपभोक्ताओं को भी घंटों इंतजार करना पड़ता है। पेट्रोल पंप संचालकों ने इस समस्या से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर समाधान निकाल लिया है। वे अब मशीनों की मोटर को ठंडा करने के लिए मोटर के ऊपर बर्फ की सिल्ली और गीली बोरियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बर्फ और पानी से मोटर को ठंडा करके ही वे मशीनों को दोबारा चालू स्थिति में ला पाते हैं।
पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय पर बर्फ ना मिले या बोरी सूख जाए, तो मशीनें फिर से गर्म होकर रुक जाती हैं। सुबह 11 बजे से ही मशीनें गर्म होनी शुरू हो जाती हैं और दोपहर के समय हालात सबसे ज्यादा बिगड़ जाते हैं। हमें हर आधे घंटे पर मोटर पर बर्फ रखनी पड़ती है ताकि वह ठंडी बनी रहे।
पंप मालिकों ने बताया कि प्रशासन की ओर से ऐसी परिस्थितियों में कोई तकनीकी सहायता नहीं मिलती। मजबूरन उन्हें खुद ही बर्फ का प्रबंध करना पड़ता है। कई पेट्रोल पंपों पर अब स्थायी रूप से आइस बॉक्स और गीली बोरियां रख दी गई हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग किया जा सके।




