Advertisement
Advertisement
होम / Poison in Yamuna: हरियाणा के पूर्व मीडिया सलाहकार ने किया यमुना के पानी का लाइव टेस्ट, केजरीवाल के दावों को बताया झूठा

Poison in Yamuna: हरियाणा के पूर्व मीडिया सलाहकार ने किया यमुना के पानी का लाइव टेस्ट, केजरीवाल के दावों को बताया झूठा

BY: • LAST UPDATED : January 29, 2025
Inkhabar Haryana, Poison in Yamuna: दिल्ली के पूर्व सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा यमुना नदी के जल में जहर को लेकर दिए गए बयान के राजनीति गलियारों में महौल गरमा गया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा से प्रदूषित और विषैला पानी यमुना के जरिए दिल्ली में प्रवेश करता है, जिससे राजधानी में जल संकट बढ़ रही हैं। उनके इस बयान के जवाब में हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने एक अनोखा तरीका अपनाया और यमुना के जल की शुद्धता को साबित करने के लिए खुद उसका सेवन कर लिया।

 लाइव टेस्ट कर दिया जवाब

पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने सोनीपत के दहिसरा गांव में हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचकर यमुना के पानी से घूंट भरा। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि हरियाणा से पूरी तरह शुद्ध पानी दिल्ली में प्रवेश करता है और दिल्ली सरकार जानबूझकर हरियाणा पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने इस आरोप को राजनीतिक हथकंडा करार देते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए हरियाणा सरकार को दोषी ठहरा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर हरियाणा से जाने वाला पानी शुद्ध है, तो वही पानी दिल्ली में जाकर जहरीला कैसे हो जाता है? इसका सीधा मतलब है कि दिल्ली के अंदर ही यमुना को दूषित किया जा रहा है, और इसके लिए खुद दिल्ली सरकार जिम्मेदार है।

Advertisement

दिल्ली सरकार पर यमुना सफाई में विफलता का आरोप

राजीव जैन ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में दिल्ली सरकार ने यमुना की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। दिल्ली में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट होने के बावजूद, यमुना में गंदगी की मात्रा बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली सरकार ने सही समय पर सीवेज ट्रीटमेंट और जल शोधन पर ध्यान दिया होता, तो आज दिल्ली में जल संकट न होता।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब यमुना दिल्ली में प्रवेश करती है तो पानी साफ होता है, लेकिन जब यह दिल्ली से फरीदाबाद की ओर बढ़ती है, तो पूरी तरह से दूषित हो जाती है। इसका मतलब साफ है कि यमुना को प्रदूषित करने का काम हरियाणा नहीं बल्कि दिल्ली खुद कर रही है।

केजरीवाल की ‘बौखलाहट’ और चुनावी राजनीति

राजीव जैन ने आगे कहा कि दिल्ली में आगामी 5 फरवरी को होने वाले चुनावों को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बौखलाहट में हैं और झूठे आरोप लगाकर अपनी नाकामी छुपाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की जनता अब आम आदमी पार्टी (AAP) की नाकामी को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में जल्द ही एक मजबूत डबल इंजन सरकार बनने जा रही है, जो दिल्ली को साफ-सुथरी और विकसित राजधानी बनाएगी।

मानहानि का केस दर्ज करने की मांग

राजीव जैन ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अनुरोध किया कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाए, क्योंकि उन्होंने बिना किसी प्रमाण के हरियाणा की जनता को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता अपने स्वच्छ जल संसाधनों को लेकर सजग है और किसी भी प्रकार के गलत आरोप को सहन नहीं करेगी।