Advertisement
Advertisement
होम / Punjab Haryana SYL Canal Dispute: दिल्ली में हरियाणा-पंजाब के सीएम के बीच SYL को लेकर हुई सकारात्मक बैठक, 13 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले बढ़ी हलचल

Punjab Haryana SYL Canal Dispute: दिल्ली में हरियाणा-पंजाब के सीएम के बीच SYL को लेकर हुई सकारात्मक बैठक, 13 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले बढ़ी हलचल

BY: • LAST UPDATED : August 6, 2025
Inkhabar Haryana, Punjab Haryana SYL Canal Dispute: दिल्ली में मंगलवार को सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर विवाद को लेकर केंद्र सरकार की मध्यस्थता में एक अहम बैठक हुई, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आमने-सामने बैठे। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने की। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि एसवाईएल मुद्दा पिछले चार दशकों से लंबित है और आने वाले 13 अगस्त को इस मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।

पुराने विवाद पर नई कोशिश

SYL नहर का मुद्दा 1981 में पंजाब, हरियाणा और केंद्र सरकार के बीच हुए जल समझौते से जुड़ा है, जिसके तहत हरियाणा को अपने हिस्से का पानी सतलुज नदी से मिलना था। इसके लिए 214 किलोमीटर लंबी नहर प्रस्तावित की गई थी, जिसमें 122 किलोमीटर पंजाब और 92 किलोमीटर हरियाणा में बननी थी। हरियाणा ने अपनी हिस्से की नहर पूरी कर ली, लेकिन पंजाब में राजनीतिक और सामाजिक विरोध के चलते अब तक निर्माण अधूरा है।

9 जुलाई को हुई थी पहली पहल

इस साल 9 जुलाई को इस मसले पर केंद्र सरकार ने एक बैठक बुलाई थी, जिसमें दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। उस बैठक में भी सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई थी और दोनों पक्षों ने आगे के संवाद के लिए सहमति जताई थी। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 6 अगस्त को एक और बैठक दिल्ली में आयोजित हुई।

बैठक में क्या हुआ?

मंगलवार की बैठक में केंद्रीय सचिव देबाश्री मुखर्जी, हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह लंबे समय से चला आ रहा विषय है, और हम इसे सकारात्मक तरीके से हल करने की दिशा में बढ़ रहे हैं।

Advertisement

सीएम सैनी ने बताया कि 9 जुलाई को जो चर्चा हुई थी, उससे आज एक कदम आगे बढ़कर बात हुई है। दोनों राज्यों के बीच भरोसे का माहौल बना है और हमारा प्रयास है कि सुप्रीम कोर्ट में हम एक सकारात्मक रुख के साथ जाएं।

सुप्रीम कोर्ट से पहले और बैठक संभव

बैठक में यह तय हुआ कि सुप्रीम कोर्ट में 13 अगस्त को होने वाली सुनवाई से पहले दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री एक बार फिर आपस में मुलाकात करेंगे ताकि एक समझौते की ठोस रूपरेखा तय की जा सके। मुख्यमंत्री भगवंत मान और नायब सिंह सैनी दोनों ने संवाददाताओं से कहा कि हम इस मसले को राजनीति से ऊपर उठकर हल करना चाहते हैं और सुप्रीम कोर्ट में भी सकारात्मक वातावरण के साथ प्रस्तुत होंगे।