Advertisement
Advertisement
होम / Python Rescue in Yamunanagar: हरियाणा के इस जिले के खेतों में मिला विशाल अजगर, गांव में मचा हड़कंप

Python Rescue in Yamunanagar: हरियाणा के इस जिले के खेतों में मिला विशाल अजगर, गांव में मचा हड़कंप

BY: • LAST UPDATED : August 11, 2025
Inkhabar Haryana, Python Rescue in Yamunanagar: हरियाणा के यमुनानगर जिले के चिक्कन-शहजादवाला गांव में रविवार को 15 फीट लंबा और 40-45 किलो वजनी अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बाढ़ के पानी के साथ कलेसर नेशनल पार्क से बहकर यह विशाल अजगर आबादी के नजदीक पहुंच गया। अचानक खेतों में इसकी मौजूदगी का पता चलते ही एक ओर जहां लोग डर के मारे दुबक गए, वहीं कुछ लोग वीडियो बनाने में जुट गए, और कुछ ने पत्थर मारने की कोशिश भी की।

कैसे हुआ खुलासा?

गांव के कुछ लोग जब खेत की तरफ गए तो घास में अचानक हलचल और तेज फुफकार की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर उन्होंने एक भारी-भरकम अजगर को देखा। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने इतना बड़ा अजगर पहले कभी नहीं देखा था। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने कंकड़-पत्थर फेंके, जिससे अजगर पास के पोपलर के पेड़ पर चढ़ गया।

वन विभाग की त्वरित कार्रवाई

अजगर की सूचना वन विभाग के सुरक्षा गार्ड छबील दास ने वन्य प्राणी सुरक्षा टीम को दी। कुछ ही समय में विभागीय कर्मचारी हरीश कुमार और सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उस समय अजगर काफी ऊंचाई पर चढ़ा हुआ था और गुस्से में लगातार फुफकार रहा था।

Advertisement

रेस्क्यू टीम ने पहले अजगर को शांत होने का समय दिया, फिर लंबे बांस की मदद से सावधानीपूर्वक उसे पकड़ा और एक बड़े बोरे में सुरक्षित कर लिया। इसके बाद टीम ने अजगर को कलेसर नेशनल पार्क के गहरे जंगल में छोड़ दिया।

15 से 18 साल की उम्र का होगा अजगर

वन विभाग के मुताबिक, रेस्क्यू किया गया अजगर लगभग 15 से 18 साल पुराना था और उसका वजन 40 से 45 किलो के बीच था। विशेषज्ञों का कहना है कि बाढ़ और बारिश के मौसम में अक्सर जंगली जीव, खासकर सांप, सुरक्षित जगह की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं, इसलिए ऐसे समय ग्रामीणों को सतर्क रहना चाहिए और तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।