Advertisement
Advertisement
होम / Rakhi shopping in Haryana Shops: हरियाणा में रंग बिरंगी राखियों से सजे बाजार, जानें क्या हैं इस बार खास

Rakhi shopping in Haryana Shops: हरियाणा में रंग बिरंगी राखियों से सजे बाजार, जानें क्या हैं इस बार खास

BY: • LAST UPDATED : August 7, 2025

Inkhabar Haryana, Rakhi shopping in Haryana Shops: हरियाणा के अंबाला के बाजारों में इन दिनों एक अलग ही चहल-पहल और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन नज़दीक आते ही बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों और पारंपरिक धागों की बहार आ गई है। दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है और हर चेहरा उत्साह और खुशी से दमकता नज़र आ रहा है।

तीज के बाद रक्षाबंधन की धूम

तेज के साथ ही हरियाणा में त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है और रक्षाबंधन इस श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण त्योहार है। इस बार यह त्योहार 9 अगस्त को मनाया जाएगा। अंबाला के व्यापारियों ने इस अवसर को भुनाने के लिए पहले से ही खास तैयारियाँ कर रखी हैं। दुकानों पर स्वदेशी राखियों की ढेर सारी वैरायटीज़ सजाई गई हैं, जिन्हें खरीदने के लिए बहनें दूर-दूर से बाजारों में आ रही हैं।

राखियों के डिजाइन में दिखी नवीनता और परंपरा का संगम

इस बार बाजारों में पारंपरिक धागों के साथ-साथ नई तकनीक और डिज़ाइन की राखियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। कुछ राखियाँ भगवान की मूर्तियों से सजी हैं तो कुछ में कार्टून कैरेक्टर बच्चों को लुभा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने इस बार खासतौर पर भारतीय (स्वदेशी) राखियाँ मंगवाई हैं। उनके अनुसार इस बार ग्राहकों को विदेशी राखियों से ज़्यादा स्वदेशी राखियों की ओर आकर्षित होते देखा जा रहा है।

Advertisement

दुकानदारों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

दुकानदार राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार बाजार में अलग-अलग वैरायटी की राखियाँ मौजूद हैं। ग्राहक लगातार आ रहे हैं और खरीदारी कर रहे हैं जिससे रौनक बनी हुई है। वहीं दुकानदार रवि कपूर का कहना है कि भीड़ तो आ रही है लेकिन बिक्री थोड़ी धीमी है। उम्मीद है अगले दो दिन में और तेजी आएगी।

राखी खरीदने आई महिलाओं और लड़कियों के चेहरों पर उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। उन्होंने कहा कि वे साल भर इस दिन का इंतज़ार करती हैं, जब वे अपने भाई के लिए कुछ खास चुन सकें। एक महिला ने बताया कि बाजार में बहुत सुंदर राखियाँ आई हैं, हर साल कुछ नया देखने को मिलता है। इस बार भी डिजाइन बहुत अच्छे हैं, हमने अपने भाई के लिए खास राखी चुनी है।