Advertisement
Advertisement
होम / Rao Narbir Apologize Media: फरीदाबाद में ग्रीवेंस कमेटी बैठक के दौरान मीडिया को रोके जाने पर मचा बवाल, मंत्री राव नरबीर ने माफी मांगते हुए मानी गलती

Rao Narbir Apologize Media: फरीदाबाद में ग्रीवेंस कमेटी बैठक के दौरान मीडिया को रोके जाने पर मचा बवाल, मंत्री राव नरबीर ने माफी मांगते हुए मानी गलती

BY: • LAST UPDATED : May 12, 2025
Inkhabar Haryana, Rao Narbir Apologize Media: फरीदाबाद शहर के सेक्टर-12 स्थित शहरी विकास प्राधिकरण के कन्वेंशन सेंटर में रविवार को आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक उस समय विवादों में आ गई जब हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मीडिया कर्मियों को बैठक की कवरेज करने से रोक दिया। अचानक लिए गए इस फैसले से पत्रकारों में नाराजगी फैल गई और सभी को बैठक कक्ष से बाहर निकाल दिया गया। हालांकि, बैठक के बाद मंत्री ने इस फैसले को अपनी गलती बताते हुए कैमरे के सामने माफी मांगी।

बैठक की शुरुआत से पहले ही मीडिया पर रोक

सुबह बैठक शुरू होने से पहले ही मीडिया को सूचना दी गई कि वे बैठक की कवरेज नहीं कर सकते। इसके बाद सभी पत्रकारों को कन्वेंशन सेंटर से बाहर जाने के लिए कह दिया गया। इस फैसले पर विवाद खड़ा हुआ और पत्रकारों ने इसका विरोध किया। हालांकि, बैठक पूरी होने के बाद मंत्री राव नरबीर सिंह मीडिया के सामने आए और स्पष्ट किया कि यह फैसला उन्होंने व्यक्तिगत रूप से लिया था।

मंत्री ने मानी गलती

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेरे जिले में मीडिया को इस तरह की बैठकों में अंदर जाने की अनुमति नहीं होती, इसलिए मैंने यहां भी वही नियम लागू किया। यह मेरी गलती थी और मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। अधिकारियों की इसमें कोई गलती नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली बार उन्हें जानकारी मिली थी कि फरीदाबाद में मीडिया कर्मी बैठक के अंदर मौजूद रहते हैं, लेकिन हरियाणा के अन्य जिलों में ऐसा नहीं होता।

Advertisement

डीपीआर विभाग को ठहराया जिम्मेदार

मंत्री ने स्पष्ट किया कि सूचना, जनसंपर्क और भाषा विभाग (DPR) की ओर से मीडिया को निमंत्रण दिया गया था, जिसकी वजह से भ्रम की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि यदि अगली बार मीडिया को बुलाया जाएगा तो उन्हें अंदर बैठने की अनुमति होगी, अन्यथा न्योता नहीं दिया जाएगा। जब मंत्री से यह पूछा गया कि सीएम नायब सिंह सैनी भी फरीदाबाद में ग्रीवेंस कमेटी की बैठकें लेते रहे हैं, जिनमें मीडिया को अंदर जाने की अनुमति दी जाती है, तो उन्होंने कहा कि सीएम हरियाणा के मालिक हैं, वो क्या करते हैं, यह उनका मसला है। लेकिन मेरे जिले में ऐसा नहीं होता। आगे क्या बदलाव किया जाए, यह भविष्य में देखा जाएगा।

कांग्रेस विधायक ने दी तीखी प्रतिक्रिया

इस पूरे मामले पर पृथला से कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता लोकतंत्र का गला घोट रहे हैं। मंत्री का यह रवैया पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है और हम इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में जोर-शोर से उठाएंगे।