Inkhabar Haryana, Rao Narbir Inspection on Sewage Treatment Plant: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुवार को एक व्यापक क्षेत्रीय दौरा करते हुए गुरुग्राम के धनकोट, कालियावास, बाढ़सा, ड्रेन नंबर 8 मुंडाखेड़ा पंप हाउस, याकूबपुर और MET क्षेत्र से गुजरने वाले STP (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) चैनलों का निरीक्षण किया। मंत्री के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य जल प्रबंधन प्रणाली की जमीनी स्थिति का मूल्यांकन करना और आगामी मानसून सत्र से पहले तैयारियों का जायज़ा लेना था।
सुबह शुरू हुआ निरीक्षण अभियान
मंत्री राव नरबीर सिंह ने अल सुबह सबसे पहले धनकोट और कालियावास का दौरा किया। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी उनके साथ मौजूद रही। उन्होंने STP चैनलों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया और संभावित तकनीकी समस्याओं पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
सभी संबंधित स्थानों पर पहुंचे मंत्री
निरीक्षण के क्रम में मंत्री का काफिला बाढ़सा स्थित एम्स परियोजना स्थल से गुजरा, जहाँ उन्होंने ड्रेन नंबर 8 और मुंडाखेड़ा पंप हाउस की कार्यप्रणाली का मुआयना किया। इसके बाद याकूबपुर व MET क्षेत्र में STP चैनलों की सफाई, क्षमता और जल निकासी प्रणाली का निरीक्षण किया गया।
स्थानीय समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश
दौरे के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी से जुड़ी किसी भी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए ताकि बरसात के मौसम में जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गुरुग्राम और इसके आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाया जाए और स्वच्छता तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार को बढ़ावा दिया जाए। सरकार हर क्षेत्र में विकास को लेकर गंभीर है और किसी भी खामी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जनता की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।