




नामांकन के बाद सीएम सैनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा से ही “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसी योजनाओं की शुरुआत हुई थी, जो महिलाओं के उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई हैं। इसके अलावा, “बीमा सखी” योजना जैसे कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि यह सीट पहले भी भाजपा के पास थी। कृष्ण लाल पंवार के विधानसभा चुनाव लड़ने के कारण यह सीट खाली हुई थी, जिसे अब रेखा शर्मा भरेंगी। भाजपा नेतृत्व ने एक महिला को मौका देकर अपनी प्रतिबद्धता फिर से साबित की है।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं खुद एक गरीब किसान का बेटा हूं और किसानों की समस्याओं को भलीभांति समझता हूं। भाजपा की सरकार एमएसपी में लगातार वृद्धि कर रही है और किसानों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है और झूठ फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को सलाह दी कि वे रचनात्मक राजनीति करें। राहुल गांधी को उन्होंने हरियाणा सरकार की किसानों के लिए एमएसपी आधारित खरीद नीति की सराहना करने की सलाह दी और कहा कि हिमाचल और कर्नाटक में भी ऐसी नीतियां लागू की जानी चाहिए।
दिल्ली में हरियाणा और अमेरिका के बीच नागरिक उड्डयन समझौते (एएमयू) पर बात करते हुए ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट को जल्द ही शुरू किया जाएगा। यह परियोजना राज्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का काम करेगी।
भाजपा की उम्मीदवार रेखा शर्मा ने नामांकन के बाद पीएम नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम नायब सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं। मैं राज्यसभा में हरियाणा और विशेष रूप से हरियाणा की महिलाओं की आवाज बुलंद करूंगी।
सीएम और भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, पर भी तीखे हमले किए। सीएम ने अरविंद केजरीवाल को “लॉलीपॉप की राजनीति” बंद करने की सलाह दी और कहा कि भाजपा जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास करती है।




