




Inkhabar Haryana, Republic Day 2025: हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों की झलक इस बार गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्त्तव्य पथ पर देखने को मिलेगी। हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने वीरवार को मीडिया से बातचीत में इस बात पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह झांकी प्रदेशवासियों के लिए गौरव का प्रतीक है।
CM ने बताया कि हरियाणा की झांकी इस वर्ष ‘समृद्ध हरियाणा: विरासत और विकास’ थीम पर आधारित है। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता का उपदेश देते हुए दिखाया गया है, जो हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। इसके साथ ही, आधुनिक हरियाणा को भी प्रदर्शित किया गया है, जहां आईटी का उपयोग करते हुए किसान अपनी फसलों का ब्यौरा भरते और उपज का भाव देखते नजर आएंगे।
खेलों में हरियाणा की उपलब्धियों को उजागर करते हुए झांकी में पैरालम्पिक के मेडल विजेता खिलाड़ी जैसे नितेश कुमार (बैडमिंटन), हरविंद्र सिंह (शूटिंग), योगेश कथूनिया (डिस्कस थ्रो), अरुणा तंवर (ताइक्वांडो) और तरुण ढिल्लों (बैडमिंटन) शामिल किए गए हैं। ये खिलाड़ी झांकी का मुख्य आकर्षण होंगे और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
झांकी के अंतिम भाग में गुरुग्राम के गगनचुंबी इमारतों का समूह दिखाया जाएगा, जो पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के अनूठे मॉडल के रूप में हरियाणा के शहरीकरण का प्रतीक है। गुरुग्राम, जो देश के प्रमुख आईटी सॉफ्टवेयर निर्यातकों में से एक है, हरियाणा के औद्योगिकीकरण और विकास की कहानी को बयां करेगा।
गुरुवार को कर्त्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल में हरियाणा की झांकी प्रदर्शित हुई, जिसे दर्शकों से खूब सराहना मिली। यह झांकी 26 जनवरी को देशवासियों के समक्ष एक बार फिर प्रस्तुत की जाएगी।
CM ने बताया कि हरियाणा की झांकी लगातार चौथी बार और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में छठी बार गणतंत्र दिवस पर प्रदर्शित हो रही है। उन्होंने इसका श्रेय प्रदेश के मेहनतकश किसानों, खिलाड़ियों और नागरिकों को दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज कृषि, खेल, IT और औद्योगिकीकरण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बन गया है।




