Advertisement
Advertisement
होम / Rewari News: हरियाणा में दर्दनाक हादसा, दोस्तों के साथ खाने-पीने की चीजे लेने गए थे युवक, नहर में डूबने से हुई मौत

Rewari News: हरियाणा में दर्दनाक हादसा, दोस्तों के साथ खाने-पीने की चीजे लेने गए थे युवक, नहर में डूबने से हुई मौत

BY: • LAST UPDATED : July 28, 2025
Inkhabar Haryana, Rewari News: हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक दुखद घटना में रेवाड़ी जिले के दो युवकों की रविवार को नहर में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पांच दोस्त मिलकर जवाहरलाल नेहरू नहर के पास गर्मी से राहत पाने के लिए नहाने पहुंचे थे। नहर के तेज बहाव ने दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया और उनकी जान चली गई।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, रविवार को रेवाड़ी जिले के गांव ढाणी शोभा निवासी प्रवीन कुमार (23) और गांव मनेठी निवासी आर्यन (19) अपने दो दोस्तों आशीष और हिमांशु के साथ गांव सुरजनवास में अपने एक अन्य मित्र के घर आए हुए थे। दिन के समय गर्मी अधिक होने के कारण पांचों युवक पास की जवाहरलाल नेहरू नहर के पंप हाउस नंबर दो के पास नहाने चले गए।
कुछ समय बाद आशीष और हिमांशु पास की दुकान से खाने-पीने का सामान लेने चले गए, जबकि प्रवीन और आर्यन नहर में नहाने उतर गए। नहर का पानी बेहद तेज बहाव लिए हुए था। बताया जा रहा है कि पहले प्रवीन बहाव में बहने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में आर्यन भी पानी में डूब गया।

साथियों ने शुरू की तलाश

जब आशीष और हिमांशु वापस लौटे, तो उन्होंने अपने दोस्तों को वहां नहीं पाया। किनारे पर रखे कपड़ों को देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन शुरू की गई। कुछ देर की तलाशी के बाद दोनों युवकों के शव गांव देवास के पास नहर के एक पंप हाउस के समीप बरामद किए गए। शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

Advertisement

शोक में डूबा गांव

पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। प्रवीन और आर्यन की आकस्मिक मृत्यु से ढाणी शोभा और मनेठी गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी।

CNG pump protest in Gurugram: गुरुग्राम में CNG स्टेशन के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर से की मुलाकात