Inkhabar Haryana, Rising tomato prices in Haryana: एक समय जो टमाटर हर भारतीय रसोई का बुनियादी हिस्सा हुआ करता था, आज वही आम आदमी की थाली से गायब होता नजर आ रहा है। यमुनानगर जिले की सब्जी मंडियों में टमाटर की कीमतें आसमान छू रही हैं ₹100 प्रति किलो तक पहुंच चुकी हैं। जहां कभी टमाटर ₹20 से ₹30 प्रति किलो तक सहजता से उपलब्ध रहता था, अब उतने ही पैसों में मात्र कुछ टुकड़े ही मिल पा रहे हैं।
हिमाचल में बारिश बनी संकट का कारण
टमाटर की इस कीमत वृद्धि के पीछे सबसे बड़ा कारण हिमाचल प्रदेश में हो रही लगातार बारिश मानी जा रही है। आमतौर पर यमुनानगर की सब्जी मंडियों में टमाटर की अधिकतर आपूर्ति हिमाचल से होती है। लेकिन पिछले कुछ हफ्तों से वहां की बारिश ने न सिर्फ फसलों को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि सप्लाई चेन को भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
सब्जी विक्रेता इरशाद बताते हैं कि पहले हम रोज़ 4-5 कैरेट टमाटर मंगवाते थे, लेकिन अब मुश्किल से 1-2 कैरेट ही आ पा रहे हैं। महंगे दाम की वजह से ग्राहक भी कम खरीद रहे हैं, जिससे हमारी बिक्री आधी से भी कम रह गई है।
ग्राहक बोले ₹100 में पहले 4 किलो, अब एक ही किलो!
सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचे हरीश कुमार ने अपनी चिंता जताते हुए कहा कि पहले ₹100 में 3 से 4 किलो टमाटर मिल जाता था, अब सिर्फ एक किलो ही आ पा रहा है। परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है। न केवल ग्राहक, बल्कि खुद सब्जी विक्रेता भी इस बढ़ते भाव से परेशान हैं। विक्रेता भूषण कुमार बताते हैं कि ज्यादा दाम होने से ग्राहक टमाटर लेने से कतराने लगे हैं। हमारी भी कमाई प्रभावित हो रही है। टमाटर जल्दी खराब होने वाली सब्जी है, इसलिए हम ज्यादा स्टॉक नहीं रख सकते।