Advertisement
Advertisement
होम / Rohtak News: भैंस के सामने बिन बजाकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, जानें क्या है पूरा मामला

Rohtak News: भैंस के सामने बिन बजाकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, जानें क्या है पूरा मामला

BY: • LAST UPDATED : December 9, 2024
Inkhabar Haryana, Rohtak News: हरियाणा के रोहतक जिले के गरनावठी गांव के ग्रामीणों ने सरकारी उदासीनता के खिलाफ एक अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। डीसी कार्यालय के बाहर भैंस के सामने बिन बजाकर ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और सरकार की लापरवाही को उजागर किया। यह प्रदर्शन गांव में स्कूल की जर्जर घोषित बिल्डिंग को दोबारा न बनाए जाने के विरोध में किया गया।

जर्जर घोषित हुई बिल्डिंग

गरनावठी गांव की स्कूल बिल्डिंग को 2015-16 में हरियाणा सरकार ने जर्जर घोषित कर दिया था। इसके बाद पंचायत ने नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये सरकार को दिए। ग्रामीणों के अनुसार, 2018 में पंचायत ने जमीन बेचकर 5 करोड़ 43 लाख 94 हजार रुपये सरकार के खाते में जमा करवा दिए। लेकिन इतने वर्षों के बाद भी स्कूल की नई बिल्डिंग नहीं बनाई गई।

जगह की कमी के चलते स्कूल अब दो शिफ्टों में संचालित किया जा रहा है, जिससे बच्चों और शिक्षकों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

Advertisement

कहावत का सटीक प्रयोग

ग्रामीणों ने प्रदर्शन के लिए भैंस के सामने बिन बजाने का प्रतीकात्मक तरीका चुना। इस कहावत का अर्थ होता है कि किसी बात का कोई असर न होना। उनका कहना है कि पंचायत द्वारा करोड़ों रुपये दिए जाने के बावजूद, सरकार और शिक्षा विभाग ने इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शन का उद्देश्य था सरकार और प्रशासन की “नींद” खोलना।

ग्रामीणों की नाराजगी और मांग

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण राहुल दादू ने कहा कि स्कूल की बिल्डिंग गिराने के बाद से बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता अब असहनीय हो चुकी है। ग्रामीणों ने मांग की कि स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण शीघ्र कराया जाए। इस मुद्दे पर सरकार और शिक्षा विभाग ने अब तक कोई ठोस जवाब नहीं दिया है। प्रदर्शन के बाद उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगा।