Inkhabar Haryana, Shruti Choudhary News: कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने महिला और बच्चों के पोषण, ग्रामीण विकास और किसानों के हितों को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार ने ऐसी योजनाएं बनाई हैं, जिनसे पोषण और विकास का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे। इन योजनाओं का लक्ष्य महिलाओं और बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से आवश्यक पोषण और सेवाएं प्रदान करना है।
महिलाओं और बच्चों के पोषण पर जोर
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो भोजन और पोषण सामग्री आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक पहुंचाई जा रही है, उसकी गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर जांच करें और महीने में एक बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्हें स्थिति की जानकारी दें।
श्रुति चौधरी ने कहा कि महिला चौपाल और आंगनवाड़ी केंद्रों को एक स्थान पर स्थापित किया जाएगा, ताकि सभी सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध हों। इससे महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी सेवाओं का आसानी से लाभ मिल सके।
ग्रामीण महिलाओं की स्वास्थ्य रिपोर्ट पर ध्यान
मंत्री ने ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य में विटामिन डी की कमी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण महिलाओं की स्वास्थ्य रिपोर्ट सौंपी जाएगी, ताकि इस कमी को दूर किया जा सके। इसके अलावा, ग्राम स्तर पर समितियां बनाने की भी योजना है, जिससे स्थानीय स्तर पर सुझाव और फीडबैक लिया जा सके।
उन्होंने प्रदेश में जल वितरण को संतुलित करने और नहरों में सुधार के मुद्दे पर अधिकारियों से चर्चा की। नहरों के मोडिफिकेशन की जरूरत वाले क्षेत्रों का जायजा लेने और इस दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीएम मोदी की हरियाणा यात्रा पर खुशी
श्रुति चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हरियाणा हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने ने किसानों को “रीढ़ की हड्डी” करार देते हुए कहा कि अगर किसानों को कोई समस्या है, तो वे सरकार से बात करें। सरकार हर समस्या का समाधान निकालने के लिए तैयार है।