Inkhabar Haryana, Shyam Singh Rana: हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने पर बड़ा कदम उठाते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चार अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई कृषि मंत्री द्वारा सढौरा और रायपुर रानी अनाज मंडियों के औचक निरीक्षण के दौरान की गई।
औचक निरीक्षण में अधिकारियों की लापरवाही उजागर
मंत्री श्याम सिंह राणा ने सढौरा मंडी का दौरा करते समय पाया कि मंडी सचिव धर्मेंद्र सिंह और नीलामी रिकॉर्डर बिजेंद्र सिंह अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित थे। यह स्थिति देखकर मंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश दिए।
इसके बाद मंत्री ने रायपुर रानी मंडी का भी निरीक्षण किया, जहां मंडी सचिव और नीलामी रिकॉर्डर राजकुमार भी अपनी ड्यूटी से गायब पाए गए। इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री ने मौके पर ही इन दोनों अधिकारियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
मंत्री का सख्त संदेश
श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, खासकर किसानों से जुड़े मामलों में। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, और जो भी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सही से नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।