Advertisement
Advertisement
होम / Shyam Singh Rana: ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा, जल्द बनेगी रिपोर्ट- श्याम सिंह राणा

Shyam Singh Rana: ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा, जल्द बनेगी रिपोर्ट- श्याम सिंह राणा

BY: • LAST UPDATED : December 29, 2024

Inkhabar Haryana, Shyam Singh Rana: हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा आज यमुनानगर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश के किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। बातचीत के दौरान उन्होंने ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति, किसानों के आंदोलन, गोचरान भूमि और रादौर विधानसभा के गांव खेड़ी लक्खा सिंह में हुए गोलीकांड जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

ओलावृष्टि से फसल क्षति पर सरकार की प्रतिबद्धता

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी सूखे के दौरान किसानों को मुआवजा दिया गया था, और इस बार भी प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट तैयार कर किसानों को शीघ्र सहायता दी जाएगी।

किसान आंदोलन पर सरकार का रुख

किसानों के संभावित आंदोलन के सवाल पर कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद कर रही है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट द्वारा किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के स्वास्थ्य को लेकर जताई गई चिंता पर उन्होंने कहा कि पहले भी इस विषय पर समिति बनाई गई थी। आंदोलन का लंबा चलना विकास में बाधा उत्पन्न करता है।

Advertisement

गोचरान भूमि पर समाधान के प्रयास

गायों के सड़क पर घूमने और गोचरान भूमि के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले हर गांव में गोचरान भूमि हुआ करती थी, जो अब पंचायत के पास है। इससे गायें सड़कों पर घूमने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि गांव की गोचरान भूमि किसी को ठेके पर नहीं दी जानी चाहिए। नियमानुसार उचित कदम उठाकर सुनिश्चित किया जाएगा कि गायों को उनकी भूमि मिले और गोवंश का विकास हो।

खेड़ी लक्खा सिंह गोलीकांड पर सख्त रुख

खेड़ी लक्खा सिंह गांव में हुए गोलीकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच में पुलिस की कार्यप्रणाली सही नहीं पाई गई, जिसके चलते खेड़ी लक्खा सिंह पुलिस चौकी के सभी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के साथ है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाएगी।