Inkhabar Haryana, Sirsa Medical College: हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने 21 नवम्बर को सिरसा में संत सरसाई नाथ जी राजकीय मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य न केवल सिरसा जिले, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि कॉलेज में कैंसर उपचार के लिए विशेष विंग भी स्थापित की जाएगी, जिसके लिए 5.5 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में 1010 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज पर लगभग 1010 करोड़ रुपये खर्च होंगे और यह 21 एकड़ भूमि पर बनेगा। दो साल में इसे पूरी तरह से कार्यशील बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण है। हरियाणा में मेडिकल कॉलेजों की संख्या अब 15 हो चुकी है, जिसमें से 9 कॉलेज वर्तमान सरकार के कार्यकाल में खोले गए हैं।
मेडिकल कॉलेज 540 बेड का होगा
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सिरसा में मेडिकल कॉलेज की लंबे समय से आवश्यकता थी और मुख्यमंत्री ने इसे पूरा करके क्षेत्रवासियों की पुरानी मांग को पूरा किया। यह कॉलेज 540 बेड के अस्पताल, 100 एमबीबीएस सीटों, और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा।
मेडिकल कॉलेज के परिसर में होस्पिटल, इंस्टिट्यूशनल कॉम्प्लेक्स, होस्टल, रेजिडेंशल कॉम्प्लेक्स और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस कॉलेज के बनने से सिरसा और आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा की स्थिति में सुधार होगा, और लाखों लोग इससे लाभान्वित होंगे।
सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चिकित्सा क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं, जिनमें आयुष्मान भारत और चिरायु योजना प्रमुख हैं। इस कदम से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और बेहतर होगा।