Inkhabar Haryana, Sonam Raghuvanshi: इंदौर के चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला अब एक हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री बनता जा रहा है। घटनाक्रम में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में अब तक हत्या, प्रेम-संबंध, सुपारी किलिंग और पुलिस जांच की सुस्ती जैसे कई पहलू सामने आए हैं।
क्या हैं पूरा मामला?
ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या सिक्किम में की गई थी। घटना के बाद से उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी लापता थीं, जिससे पूरा मामला और भी रहस्यमय हो गया। पुलिस को शुरू में हत्या के पीछे कोई पेशेवर रंजिश या फिर प्रॉपर्टी विवाद की आशंका थी। राजा की हत्या के 17 दिन बाद उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर संदिग्ध हालत में मिलीं। गाजीपुर में पकड़े जाने के बाद उन्होंने खुद को बेगुनाह बताया, लेकिन पुलिस की जांच में धीरे-धीरे कहानी ने नया मोड़ लिया।
सुपारी देकर करवाई गई हत्या
मेघालय के डीजीपी आई नोंगरांग ने सनसनीखेज खुलासा किया कि सोनम रघुवंशी ने ही पेशेवर हत्यारों को सुपारी देकर पति राजा की हत्या करवाई थी। इसके पीछे का संभावित कारण एक प्रेम संबंध बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, सोनम रघुवंशी का एक युवक राज कुशवाहा से अफेयर था। पुलिस को शक है कि पति राजा रघुवंशी इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसी कारण सोनम ने अपने प्रेमी और उसके सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपी सामने आए
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें विक्की, आनंद और राज कुशवाहा प्रमुख हैं। बताया जा रहा है कि सोनम ने ही इन सभी के लिए मेघालय की यात्रा बुक करवाई थी, जहां राजा की हत्या की गई। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट (X) के माध्यम से जानकारी दी कि इस मामले में शामिल तीन हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
परिवार का पलटवार
सोनम के पिता ने इन सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि उनकी बेटी निर्दोष है। उन्होंने मेघालय पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने झूठी कहानी गढ़कर सोनम को फंसाया है। इस मामले को लेकर परिवार ने शिलांग पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने इंडिया न्यूज़ से बातचीत में बताया कि रविवार होने के कारण पुलिस किसी भी तरह की जांच नहीं कर रही है। वरिष्ठ अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे। गोविंद रघुवंशी ने शिलांग स्थित सोहर थाने पर किए गए कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की, जिसमें थाने के अधिकारी उन्हें किसी भी जानकारी देने से इनकार करते नजर आ रहे हैं। इससे परिवार में और भी नाराजगी है।