




Inkhabar Haryana, Sonipat News: सोनीपत से एक चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की जान उसके हाथ में फटे मोबाइल फोन के कारण चली गई। यह हादसा गुरुवार को सेक्टर-7 स्थित शिवम को-ऑपरेटिव बिल्डिंग में उस समय हुआ, जब युवक बिल्डिंग की छत पर वेल्डिंग का काम कर रहा था।
उत्तर प्रदेश के शामली निवासी दानिश रोज की तरह सुबह काम पर निकला था। वह फिलहाल सोनीपत के मलिकपुर क्षेत्र में किराए पर रहकर वेल्डिंग का कार्य करता था। गुरुवार को वह शिवम को-ऑपरेटिव बिल्डिंग की छत पर अपने साथियों के साथ वेल्डिंग का काम कर रहा था।
काम के दौरान दानिश के हाथ में मोबाइल फोन मौजूद था, तभी अचानक उसमें जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हो गया। धमाका इतना तीव्र था कि दानिश हड़बड़ा गया और अपना संतुलन खो बैठा। कुछ ही पलों में वह छत से सीधे नीचे गिर गया।
घटना के बाद मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में दानिश को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-27 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी।
जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप ने बताया कि मोबाइल फोन ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि हादसे के वक्त मोबाइल चार्जिंग पर था या सामान्य उपयोग में। पुलिस ने मौके पर मौजूद मजदूरों के बयान दर्ज किए हैं और मोबाइल डिवाइस को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि घटना को सिर्फ एक दुर्घटना मानकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है जैसे कि मोबाइल की ब्रांडिंग, बैटरी की स्थिति, कोई डुप्लीकेट या अवैध पुर्जे, वेल्डिंग कार्य के दौरान इलेक्ट्रिक इंटरफेयर आदि। पोस्टमॉर्टम के बाद दानिश का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से न सिर्फ उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है, बल्कि मजदूर समुदाय में भी दहशत का माहौल है।




