Inkhabar Haryana, Sonipat News: हरियाणा सरकार ने सोनीपत जिले के हजारों परिवारों को बड़ी सौगात दी है। लंबे समय से अवैध की श्रेणी में शामिल रही पांच कॉलोनियों को अब सरकार ने वैध घोषित कर दिया है। इस फैसले से यहां रहने वाले करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों की वर्षों पुरानी परेशानियों का अंत हो जाएगा। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के बाद अब इन कॉलोनियों को सरकार की तरफ से बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
किन कॉलोनियों को मिली राहत?
सरकार ने सोनीपत जिले की कुल पांच कॉलोनियों को वैध करने का निर्णय लिया है। इनमें गोहाना और हरसाना कलां की दो-दो कॉलोनियां और बनियापुर की एक कॉलोनी शामिल है।
लंबे समय से झेल रहे थे दिक्कतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से इन कॉलोनियों में अपने घर बनाकर रह रहे थे, लेकिन अवैध घोषित होने के कारण उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। जैसे- सड़क और सीवर की समस्या, स्वच्छ पेयजल की कमी, बिजली कनेक्शन में दिक्कत और मकानों की रजिस्ट्री न हो पाना इन समस्याओं से लोग लंबे समय से परेशान थे और लगातार सरकार व प्रशासन से गुहार लगा रहे थे।
लोगों में खुशी की लहर
अधिसूचना जारी होते ही कॉलोनियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब उन्हें विश्वास है कि जल्द ही सड़क, सीवरेज और पानी जैसी सुविधाएं उनके दरवाजे तक पहुंचेंगी। इसके साथ ही मकानों की रजिस्ट्री करवाने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।