




गन्नौर में एक बिजली विभाग का कर्मचारी स्थानीय क्षेत्र में फॉल्ट सुधारने के बाद बाइक पर वापस लौट रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसे रोका और बिना हेलमेट बाइक चलाने के लिए चालान काट दिया। बिजली कर्मचारी ने सरकारी ड्यूटी का हवाला देते हुए माफी मांगी, लेकिन पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने की बात कहते हुए चालान काट दिया।
इससे नाराज बिजली कर्मचारी ने पुलिसकर्मी से पूछा कि वह किस चौकी में तैनात हैं। पुलिसकर्मी ने जवाब दिया कि वह गन्नौर जीटी रोड पुलिस चौकी में हैं। इसके बाद बिजली कर्मचारी ने अपने सहकर्मियों को बुलाया और पुलिस चौकी पर बिजली कनेक्शन की जांच शुरू कर दी।
बिजली विभाग की टीम ने पुलिस चौकी में जाकर पाया कि वहां मीटर पर लोड नहीं दिख रहा था और अलग से तार जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस पर बिजली कर्मचारियों ने पुलिस चौकी का कनेक्शन काट दिया। इस दौरान पुलिस और बिजली कर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। मामला बढ़ने पर बड़ी चौकी से पुलिस अधिकारी पहुंचे और दोनों विभागों के बीच बातचीत शुरू हुई।
करीब एक घंटे की बहस और तकरार के बाद दोनों विभागों के बीच समझौता हुआ। पुलिस ने बिजली कर्मचारी का चालान रद्द करने की बात मानी और बिजली विभाग ने चौकी का कनेक्शन फिर से जोड़ दिया। एसडीओ अश्विनी कौशिक ने कहा कि पुलिस के आग्रह पर बिजली कर्मियों ने फॉल्ट ठीक किया।
पुलिस का कहना है कि उन्हें रोजाना चालान काटने का टारगेट दिया जाता है। नियमों के तहत सभी को दस्तावेज और हेलमेट रखना जरूरी है। वहीं, बिजली कर्मी का तर्क था कि वह ड्यूटी पर था और लोकल फॉल्ट सुधारने की जल्दबाजी में हेलमेट नहीं पहन सका।




