Inkhabar Haryana, Sonipat Road Accident: हरियाणा के सोनीपत से गुजरने वाले कुंडली–मानेसर–पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक श्रद्धालु परिवार की कार बीच सड़क पर खड़ी पिकअप गाड़ी से टकरा गई, जिससे दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक बुजुर्ग और चार साल का मासूम बच्चा शामिल है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब सोनीपत के गांव सिसाना निवासी नरेश कुमार अपने पूरे परिवार के साथ उत्तराखंड के नैनीताल स्थित प्रसिद्ध नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए निकले थे। नरेश की कार में उनके माता-पिता, बहनें और उनके बच्चे सवार थे। कार जैसे ही सोनीपत से गुजरने वाले केएमपी टोल प्लाजा के पास पहुंची, सड़क के बीच खड़ी एक पिकअप जीप से अचानक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
धर्मवीर की मौके पर ही मौत
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने कड़ी मशक्कत से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। नरेश के पिता धर्मवीर को कार की खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं। वहीं, कार में सवार चार वर्षीय बच्चा भार्गव गंभीर हालत में था, जिसे तुरंत नरेला स्थित राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
कार में सवार अन्य लोग धर्मवीर की पत्नी प्रेम, बेटियां मीनाक्षी और पूजा, और बच्चे अनविका व नाविका गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर फैल गई।
लापरवाही बनी मौत की वजह- पुलिस
मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना की मुख्य वजह बीच सड़क पर खड़ी पिकअप गाड़ी की लापरवाही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप चालक बिना किसी चेतावनी या संकेत के गाड़ी को एक्सप्रेसवे के बीचों-बीच खड़ा करके चला गया था, जिससे यह भयावह हादसा हुआ। पुलिस ने पिकअप वाहन के मालिक और चालक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। मृतक धर्मवीर के शव को सोनीपत के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। वहीं, मासूम भार्गव के शव का पोस्टमार्टम दिल्ली पुलिस द्वारा करवाया जाएगा, क्योंकि उसे नरेला अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।