Inkhabar Haryana, Sonipat Road Accident News: हरियाणा में आयोजित कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) परीक्षा में शामिल होने जा रही एक महिला की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका देवर और 8 महीने की बेटी घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब पौने 6 बजे सोनीपत जिले की खरखोदा रोड स्थित 8 नंबर ड्रेन के पास हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, सोनीपत निवासी अंजना अपने देवर सिद्धार्थ (पति प्रदीप के छोटे भाई) और 8 महीने की मासूम बेटी याश्विन के साथ CET परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह-सवेरे कार (आई-10) से निकली थीं। परीक्षा केंद्र की ओर जाते हुए वे जैसे ही खरखोदा रोड पर 8 नंबर ड्रेन के पास पहुंचे, सामने जा रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
ट्रक के अचानक रुकने से उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया। ड्राइवर ने कार को संभालने की कोशिश की, लेकिन तेज गति और अचानक ब्रेक की वजह से कार सड़क की रैलिंग तोड़ती हुई सर्विस रोड पर पलट गई। इस दुर्घटना में कार में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
महिला की हुई मौत
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत खरखोदा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया गया। वहां से उन्हें गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक PGI रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान अंजना की मौत हो गई, जिससे परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। अंजना की मौत की खबर मिलते ही गांव और घर में मातम छा गया।
मासूम बच्ची और देवर घायल
हादसे में अंजना की 8 महीने की बेटी याश्विन और देवर सिद्धार्थ भी घायल हुए हैं, जिनका रोहतक PGI में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि अंजना लंबे समय से CET परीक्षा की तैयारी कर रही थी और यह उसके लिए एक महत्वपूर्ण दिन था, जो उसकी किस्मत और सपनों का मोड़ बन सकता था — लेकिन दुर्भाग्यवश, यही दिन उसकी जिंदगी का आखिरी दिन बन गया।