




Inkhabar Haryana, SurajKund Mela 2025: हरियाणा के सुरम्य अरावली की वादियों में आयोजित होने वाला 38वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला इस साल 7 फरवरी से 23 फरवरी तक चलेगा। अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, पारंपरिक कला, और शिल्प कौशल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने वाले इस मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। इस ऐतिहासिक मेले के उद्घाटन के लिए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दिया।
बता दें कि, इस वर्ष मेले में ओडिशा और मध्य प्रदेश थीम राज्य के रूप में भाग लेंगे, जो अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक धरोहर और हस्तशिल्प की विशेषताओं को प्रदर्शित करेंगे। साथ ही, बिम्सटेक (BIMSTEC) संगठन के देश कंट्री पार्टनर के रूप में शामिल होंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय भागीदारी और भी व्यापक हो जाएगी।
इस वर्ष मेला और भी भव्य होने जा रहा है। मेले में करीब 1300 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां भारत के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्पियों के साथ-साथ करीब 40 देशों के कलाकार और कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा, स्वाद प्रेमियों के लिए फूड कोर्ट का विस्तार किया गया है, जहां विभिन्न राज्यों और देशों के पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया जा सकेगा।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के बीच बैठक के दौरान हरियाणा के पर्यटन को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की रणनीतियों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही, मेले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयासों को तेज करने पर भी विचार किया गया।
7 फरवरी को होने वाले उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और अन्य मंत्री उपस्थित रहेंगे। इस दौरान हरियाणा पर्यटन निगम (HTC) के MD सुनील कुमार और जीएम आशुतोष रंजन भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।




